डीएम ने की जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा
तेजस टूडे ब्यूरो
शिवमंगल अग्रहरि
चित्रकूट। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन के अंतर्गत बुधवार को जन चौपाल का आयोजन हुआ जहां डीएम ने विकास खंड पहाड़ी की सभी ग्राम पंचायतों में जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। जन चौपाल में डीएम ने उपस्थित ग्राम प्रधानों, प्रधान प्रतिनिधियों, पंचायत सहायकों एवं स्वयं सहायता समूह के सदस्यों से ग्राम पंचायत वार में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इस पर कुछ ग्राम प्रधानों ने कहा कि कुछ घरों में पानी की सप्लाई व रोड़ रिस्टोरेशन का कार्य शेष रह गया है।
डीएम ने सम्बन्धित कार्य दाई संस्था एवं टी.पी.आई. को निर्देशित किया कि शेष बचे कार्य को गुणवत्तापूर्ण कराते हुए ग्राम प्रधानों व 10 ग्रामीणों से स्थलीय निरीक्षण कराकर फोटोग्राफ प्रेषित करें। इस कार्य में ग्राम प्रधानों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। कार्यदाई संस्थाओं द्वारा हैंडओवर करने के पहले सभी ग्राम प्रधान जल जीवन मिशन के कार्यों का निरीक्षण करके समस्याएं मिलने पर बताएं जिससे कार्य को दोबारा कराया जा सके। यह भारत सरकार व उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना है जिसमें कनेक्शन, सप्लाई व क्वालिटी तीन उद्देश्य है, ताकि सभी ग्राम पंचायत में पानी की उपलब्धता रहे। ग्राम प्रधानों से कहा कि अगली बैठक से पूर्व इस योजना से सम्बन्धित फीडबैक दें, उसी के आधार पर प्रशासन द्वारा सहमति जताई जाएगी।
इस दौरान ग्राम प्रधानों, ग्राम पेयजल स्वच्छता समिति के सदस्यों तथा ग्रामीणों को जल जीवन मिशन की टीशर्ट, कैप, बैग, कॉन्फ्रेंस पैड आदि का वितरण किया गया। जन चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर, ब्लॉक प्रमुख पहाड़ी सुशील द्विवेदी, खंड विकास अधिकारी पहाड़ी संजय पाडेय, अधिशासी अभियंता जल निगम आशीष भारती, टीपीआई अभय नारायण दीक्षित, सहायक अभियंता गुलाम शिवताब आदि मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचारहमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।






