आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक नहीं किया जायेगा बेटी का अंतिम संस्कार

आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक नहीं किया जायेगा बेटी का अंतिम संस्कार

छात्रा के पिता ने कॉलेज प्रशासन पर लगाया गम्भीर आरोप
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। चिल्ड्रेन गर्ल्स कॉलेज की 11वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में मृतका के पिता ने कालेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि बेटी के साथ गलत काम करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई है। वहीं मां का कहना है कि प्रधानाचार्या व शिक्षक के साथ ही स्कूल के प्रबंधक पर भी मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। मृत छात्रा के परिजन सुबह एसपी कार्यालय पहुंचे थे और पत्रक सौंप कर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। परिजनों ने यह चेतावनी भी दी है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तब तक वे अपनी बिटिया का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। रानी की सराय थाना क्षेत्र की रहने वाली एक 17 वर्षीय किशोरी सिधारी थाना क्षेत्र के हरवंशपुर स्थित चिल्ड्रेन गर्ल्स कॉलेज में 11 वीं की छात्रा थी। सोमवार को उसकी संदिग्धावस्था में विद्यालय के तीसरी मंजिल से गिर जाने से मौत हो गई। मृतका के कपड़े भी फटे हुए थे। आखिर गिरने से उसके कपड़े कैसे फट गये। इतना ही नहीं छात्रा की मौत के बाद कई घंटों तक परिजनों को सूचना नहीं दी गई और सूचना देने के पूर्व विद्यालय में उक्त स्थान को पानी आदि डाल कर साफ करा दिया गया, जहां गिरने से छात्रा की मौत हुई थी। इतना ही नहीं परिजनों को सूचना दिए बगैर ही उसे एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक भी ले जाया गया। बाद में शव स्कूल के बाहर एक एंबुलेंस में रखवा कर खड़ा करा दिया। परिजनों ने विद्यालय प्रशासन पर सोमवार को ही कई गंभीर आरेाप लगाए। वहीं सिधारी थाने में प्रधानाचार्या व क्लास टीचर के खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत कराया। परिजन एसपी कार्यालय पहुंच कर मुलाकात किए और विद्यालय प्रबंधक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग किया। पिता ने तो स्पष्ट रूप से कहा कि उसकी बेटी के साथ गलत काम के बाद हत्या की गई है। वहीं मां ने एसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए ऊपर तक जाने की बात कही। एसपी से मिलने पहुंची मृत छात्रा की मां ने कहा कि मेरी बिटिया बड़ी होनहार थी। इसके बाद भी कालेज की प्रधानाचार्या व शिक्षक उसे अक्सर ही प्रताड़ित करते रहते थे। उससे हमेशा ही यह कहा जाता था कि तुम हमारे कालेज में पढ़ने के लायक नहीं हो। मां ने कहा कि योगी सरकार में ऐसा हो रहा है। नामजद आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। विद्यालय वाले काफी दबंग व पैसे वाले है। हो सकता है कि हमे भी मार दिया जाए। क्योंकि इस विद्यालय का यह पुराना इतिहास रहा है कि विद्यालय के खिलाफ मुंह खोलने वालों को विद्यालय बुला कर कमरे में बंद कर लाठियों से पीटा गया है। एसपी से मुलाकात के बाद परिजन व उनके साथ के लोग पोस्टमार्टम हाऊस रवाना हो गए। एसपी आफिस से जाते-जाते परिजनों ने पुनः चेतावनी दिया कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तब तक वे अपनी बेटी के शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इतना ही नहीं यदि जिले स्तर के जिम्मेदार मामले को दबाने का प्रयास करेंगे तो वे मुख्यमंत्री तक अपनी शिकायत लेकर जाएंगे। किसी भी कीमत पर वे अपनी बेटी को न्याय दिला कर ही रहेंगे। एसपी अनुराग आर्य ने कहा कि छात्रा के परिजन मिलने आए थे। उनकी तहरीर पर सोमवार को ही हत्या की धाराओं में दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वीडियोग्राफी कराते हुए पोस्टमार्टम कराया गया है। विवेचना के दौरान परिजनों का बयान लिया जाएगा, उस दौरान भी वे जो आशंका व्यक्त करेंगे उसे भी मुकदमें शामिल किया जाएगा। पुलिस जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सहीं पाया जाएगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।

Jaunpur News: Two arrested with banned meat

Job: Correspondents are needed at these places of Jaunpur

बीएचयू के छात्र-छात्राओं से पुलिस की नोकझोंक, जानिए क्या है मामला