आवश्यकता, उद्देश्य, चुनौतियां और प्रभावकारी आयोजन
हम सभी जानते हैं कि हमारे सामाजिक ढांचे में एक बच्चा आने वाले कल का नागरिक है ऐसे में किसी भी बच्चे का विकास, जन्म से लेकर किशोरावस्था तक शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक क्षेत्रों में होने वाले परिवर्तनों को संदर्भित करता है। इस क्रमिक विकास में विद्यालयी शिक्षा एक महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है। ऐसे में हमारा बच्चा इस क्रमिक विकास प्रक्रिया में पूर्ण रूप से पोषित हो रहा अथवा नहीं, यह जानना प्रत्येक अभिभावक का कर्तव्य और अधिकार दोनों है, इसीलिए एक बच्चे की शिक्षा और समग्र विकास के लिए शिक्षक अभिभावक बैठक एक अहम कड़ी होती है। बैठक में शिक्षक और माता-पिता मिलकर बच्चे की पढ़ाई, व्यवहार और प्रगति पर चर्चा करते हैं। इससे न सिर्फ बच्चों की कमजोरियों को समझा जा सकता है, बल्कि उनकी ताकतों को और बेहतर बनाने के उपाय भी मिलते हैं।
यह हमेशा देखने में आता है कि कई माता पिता शिक्षक अभिभावक बैठक को इतनी गंभीरता से नहीं लेते जितना कि उन्हें लेनी चाहिये। ग्रामीण इलाके के अभिभावकों को इस हेतु उदासीन या निष्क्रिय भी पाया जाता है जबकि उन्हें और ज्यादा सक्रिय होना चाहिये, क्योंकि गांव का माहौल शैक्षणिक कम होता है। हम यह पाते हैं कि जिन बच्चों के शिक्षक और अभिभावक साथ मिलकर काम करते हैं तो बच्चे को बेहतर मार्गदर्शन और समर्थन मिलता है। इससे उसका आत्मविश्वास बढ़ता है और वह पढ़ाई में और ज़िम्मेदार बनता है। ये बैठक एक ऐसा अवसर है जहाँ दोनों पक्ष मिलकर बच्चे के भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में ठोस कदम उठा सकते हैं। वास्तव में शिक्षा केवल विद्यालय की चारदीवारी तक सीमित नहीं होती, बल्कि इसका एक बड़ा हिस्सा घर और विद्यालय के बीच तालमेल पर आधारित होता है, इसीलिए शिक्षक अभिभावक बैठक (PTM) एक महत्वपूर्ण मंच होता है जहाँ बच्चों की शिक्षा, व्यवहार, और समग्र विकास को लेकर आपस में संवाद स्थापित किया जाता है, इसलिए हर अभिभावक को शिक्षक-अभिभावक बैठक में जरूर शामिल होना चाहिए, ताकि उनके बच्चे को एक बेहतर, संतुलित और सकारात्मक वातावरण मिल सके।
आइए शिक्षक अभिभावक बैठक से जुड़े कुछ पहलुओं पर नजर डालते हैं-
आवश्यकताः आज के समय में बच्चे कई तरह के मानसिक, सामाजिक और शैक्षणिक दबावों से गुजरते हैं। ऐसे में यह ज़रूरी हो जाता है कि शिक्षक और अभिभावक मिलकर बच्चे की स्थिति को समझें और उसकी भलाई के लिए मिलकर कदम उठाएं। यह बैठक बच्चों के प्रदर्शन की निगरानी और सुधार में मदद करती है। अभिभावकों को यह पता चलता है कि बच्चा विद्यालय में कैसा प्रदर्शन कर रहा है और शिक्षक को घर के माहौल की जानकारी मिलती है।
उद्देश्यः इस बैठक का मुख्य उद्देश्य बच्चे की प्रगति की समग्र समीक्षा करना होता है। इसमें न केवल शैक्षणिक प्रदर्शन, बल्कि बच्चे के व्यवहार, सहभागिता, सामाजिक कौशल और विशेष रुचियों पर भी चर्चा की जाती है। साथ ही यह एक ऐसा मंच होता है जहाँ शिक्षक और अभिभावक मिलकर आगे की योजना बनाते हैं और सुधारात्मक कदमों पर सहमति बनाते हैं।
चुनौतियां: हालाँकि यह बैठक उपयोगी होती है, फिर भी इसमें कई चुनौतियां आती हैं। कुछ अभिभावक समय की कमी या उदासीनता के कारण नहीं आ पाते जिससे संवाद अधूरा रह जाता है। कई बार शिक्षक और अभिभावकों के बीच भाषा, समझ या अपेक्षाओं का अंतर भी तनाव उत्पन्न कर सकता है। इसके अलावा कभी-कभी बैठक में आलोचना या दोषारोपण का माहौल बन जाता है जिससे समाधान की बजाय दूरी बढ़ जाती है।प्रभावकारी आयोजन के उपायः विद्यालय स्टाफ को एक प्रभावकारी शिक्षक-अभिभावक बैठक केलिए पहले से योजना बनाना ज़रूरी है। शिक्षक को बच्चे की प्रगति की पूरी जानकारी एकत्र कर लेनी चाहिए और सकारात्मक रवैया अपनाना चाहिए। बातचीत संतुलित और समाधान केन्द्रित होनी चाहिए। अभिभावकों को भी सक्रिय रूप से सुनना और सुझाव देना चाहिए। शिक्षकों को चाहिए कि वे बच्चे की ताकतों की पहचान करें और अभिभावकों को यह बताएं कि उनका बच्चा किन क्षेत्रों में अच्छा कर रहा है, कैसे बच्चों से दोस्ती है, अन्य छात्रों के साथ व्यवहार सहित अन्य मुद्दों पर भी बात की जा सकती है, फिर यदि कोई चुनौती है तो मिलकर उसके समाधान पर बात करें। बैठक का माहौल ऐसा होना चाहिए जिसमें कोई पक्ष असहज महसूस न करे। अंत में आगे की योजना स्पष्ट रूप से तय की जाय। यदि ज़रूरी हो तो फॉलो-अप मीटिंग्स का सुझाव दिया जाय।
निष्कर्षः शिक्षक-अभिभावक बैठक एक सेतु का काम करती है जो घर और विद्यालय के बीच संवाद और सहयोग को मजबूत बनाती है। यदि इसे सही दृष्टिकोण और तैयारी के साथ आयोजित किया जाय तो यह बच्चों के सम्पूर्ण विकास में अत्यन्त सहायक सिद्ध हो सकती है।
लेखिका- प्रीति श्रीवास्तव
राज्य पुरस्कार प्राप्त अध्यापक
कम्पोजिट विद्यालय रन्नो
बक्शा, जौनपुर।
9651379406
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










