किशोरियों को शिक्षित व सशक्त बनाने के उद्देश्य से दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
आस्था महिला एवं बाल विकास संस्था ने किया कार्यक्रम

तेजस टूडे सं.
विनोद कुमार
केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के थानागद्दी में स्थित धर्मशाला में आस्था महिला एवं बाल विकास संस्था द्वारा संचालित “प्रोजेक्ट मेरी मुस्कान” परियोजना के तहत किशोरियों को सशक्त व समग्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं, उठाते हुये लैंगिक भेदभाव व हिंसा पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को लैंगिक भेदभाव, हिंसा व उनके अधिकारों तथा सामान्य जागरूकता से संबंधित मुद्दों पर शिक्षित व सशक्त बनाना था। प्रशिक्षण सत्र का संचालन अनुभवी ट्रेनर दीक्षा सिंह द्वारा किया गया जिन्होंने किशोरियों को लैंगिक समानता, हिंसा से बचाव, कानूनी अधिकारों, आत्मविश्वास निर्माण जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दिया।
कार्यक्रम के दौरान किशोरियों ने सक्रिय रूप से चर्चाओं, प्रश्नोत्तरी सत्रों एवं समूह गतिविधियों में भाग लेकर अपने विचार साझा किये। प्रतिभागियों ने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण से उन्हें अपने अधिकारों की समझ मिली है और वे भविष्य में लैंगिक असमानता के खिलाफ आवाज उठाने के लिए तैयार हैं। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बराई, बेहड़ा, निहालपुरा, डेढुवाना, कनुवानी एवं नाउपुर की कुल 6 ग्राम पंचायतों की किशोरियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर वन्दना, फील्ड कॉर्डिनेटर सविता, शीला, अंकित समेत तमाम लोग मौजूद रहे।







