हलधरमऊ कृषि गोदाम पर एक सप्ताह से किसानों को नहीं मिल रहा गेहूं का बीज व खाद
किसान कई दिनों से लगा रहे चक्कर, जिम्मेदार मौन
तेजस टूडे ब्यूरो
मुसैब अख्तर
कर्नलगंज, गोण्डा। बुआई का पीक सीजन होने के बावजूद एक सप्ताह से हलधरमऊ ब्लाक के कृषि गोदाम पर किसानों को गेहूं का बीज नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने बताया कि डीएपी खाद भी उनको नहीं मिल रही है। वह गेहूं के बीज को ब्लाक कृषि गोदाम पर पांच दिनों से चक्कर लगा रहे हैं। सोमवार को दोपहर 12 बजे तक इस कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा।
हलधरमऊ कृषि गोदाम पर सोमवार को गेहूं का बीज लेने पहुंचे किसानों ने बताया कि उन्हें गेहूं का बीज नहीं मिल पा रहा है। साथ में डीएपी खाद की उपलब्धता के बारे में पूछने पर किसानों ने एक स्वर में कहा कि डीएपी खाद भी नहीं मिल पा रही है। साथ में उन्होंने बताया कि वे सभी पांच दिनों से गेहूं के बीज लेने के लिए हलधरमऊ कृषि गोदाम के चक्कर काटकर परेशान हो रहे हैं।
ग्रामपंचायत कैथोला निवासी पवन कुमार, ग्राम पंचायत परसा गोंडरी के गांव दर्शन तिवारीपुरवा निवासी ओमकार नाथ, ग्राम पंचायत बटौरा बख्तावर सिंह निवासी रहमान अली, ग्रामपंचायत दत्तनगर निवासी विक्रम मिश्रा समेत चार किसान सोमवार को हलधरमऊ कृषि गोदाम पर गेहूं का बीज लेने पहुंचे। गेहूं का बीज ना मिलने के चलते उनको बैरंग वापस लौटना पड़ा। बताया जाता है कि यहां गोदाम प्रभारी कमलजीत सिंह, हरेंद्र बहादुर, विजय कुमार, दिलीप कुमार मिश्रा, सन्तोष कुमार मिश्रा, पंकज कुमार सिंह व पवन कुमार समेत ब्लाक गोदाम पर कई लोग कार्यरत हैं। सोमवार दोपहर 12 बजे तक यहां एक भी कर्मचारी उपस्थित नहीं मिला और कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। इस संबंध में दूरभाष पर गोदाम प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार को ब्लाक गोदाम पर गेहूं का बीज आ जायेगा और तत्काल वितरण कर दिया जाएगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचारहमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।






