खण्ड शिक्षाधिकारी ने अभिभावकों से की बच्चों को प्रतिदिन स्कूल भेजने की अपील
शिवमंगल अग्रहरि
चित्रकूट। विकास खण्ड रामनगर की ग्राम पंचायत ऊफरौली के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय ऊफरौली के परिसर में शुक्रवार को शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। खण्ड शिक्षा अधिकारी एनपी सिंह ने समस्त अभिभावकों को निपुण भारत मिशन के अंतर्गत बच्चों के शैक्षिक उन्नयन की दिशा में किए जा रहे प्रयास, बच्चों की गुणवत्ता परक शिक्षा में अभिभावकों की भूमिका तथा सामुदायिक सहयोग के रूप में विद्यालयों की सुरक्षा संरक्षा आदि के लिए उपस्थित समस्त अभिभावकों से सहयोग की अपील की। खण्ड शिक्षा अधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित समस्त लाभ परक योजनाओं डीबीटी के माध्यम से प्रेषित की जाने वाली 1200 रूपए की धनराशि तथा उससे क्रय की जाने वाली सामग्रियां, मध्यान्ह भोजन योजना, निशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण, बच्चों को खेल कूद सामग्री, पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास तथा बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा भविष्य में विद्यालयों में उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। सभी अभिभावकों ने ग्राम पंचायत में संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालय ऊफरौली एवं प्राथमिक विद्यालय ऊफरौली में शिक्षकों की कार्यशैली तथा उनके द्वारा शिक्षण कार्य में की जाने वाली मेहनत की सराहना की। खंड विकास अधिकारी रामनगर शैलेंद्र सिंह ने अभिभावकों से अपने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजने तथा पढ़ाई के लिए घर पर उनका ध्यान रखने की अपील की। इस मौके पर प्रभारी प्रधानाध्यापक विक्रम आदित्य मिश्रा, प्राथमिक विद्यालय ऊफरौली के प्रधानाध्यापक राजू यादव आदि मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।






