उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक ने नकली शाखा को लेकर जारी की सार्वजनिक चेतावनी
ग्राहकों से कहा— बैंक के नाम पर किसी भी लेन-देन से पहले आधिकारिक माध्यमों से अवश्य करें सत्यापन
दाहोद (गुजरात)। उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक लिमिटेड ने अपने ग्राहकों, हितधारकों और आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक एडवाइजरी जारी की है। बैंक ने जानकारी दी है कि उसके संज्ञान में यह मामला आया है कि कुछ व्यक्ति एवं संस्थाएं कथित रूप से बैंक के नाम पर एक अनधिकृत (फर्जी) शाखा संचालित कर रही हैं तथा स्वयं को उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक लिमिटेड से संबद्ध बताकर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही हैं।

बैंक ने स्पष्ट किया है कि संबंधित संस्था या व्यक्ति का उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक लिमिटेड से किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं है। न तो उन्हें बैंक द्वारा अधिकृत किया गया है और न ही वे बैंक के नियंत्रण, संचालन अथवा प्रतिनिधित्व में हैं। ऐसे लोगों द्वारा किए जा रहे किसी भी प्रकार के लेन-देन, दावे, वादे या आश्वासन के लिए बैंक उत्तरदायी नहीं होगा।
बैंक ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी शाखा, बैंक कर्मचारी, बैंकिंग सेवा, दस्तावेज, संचार अथवा वित्तीय लेन-देन की प्रामाणिकता की पुष्टि केवल बैंक के आधिकारिक माध्यमों से ही करें। किसी भी प्रकार के संदेह की स्थिति में बिना सत्यापन के कोई वित्तीय लेन-देन न करें।
उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक लिमिटेड ने यह भी कहा है कि बैंक के नाम, लोगो, ब्रांड अथवा पहचान का अनधिकृत उपयोग करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं के विरुद्ध कानूनी एवं नियामकीय कार्रवाई की जाएगी।
बैंक ने ग्राहकों से आग्रह किया है कि यदि उन्हें बैंक के नाम का किसी भी प्रकार का संदिग्ध या अनधिकृत उपयोग दिखाई देता है, तो इसकी सूचना तत्काल बैंक के आधिकारिक कस्टमर सर्विस चैनलों तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को दें।
बैंक ने दोहराया कि वह अपने ग्राहकों के हितों की सुरक्षा, सुरक्षित बैंकिंग सेवाओं तथा विश्वास, पारदर्शिता एवं ईमानदारी के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।