पांच लाख की रिश्वत लेते रेलवे के दो अफसर गिरफ्तार
मोहित शर्मा
आगरा। ठेकेदार से पांच लाख की रिश्वत लेते दिल्ली की सीबीआई टीम ने आगरा रेल मंडल में कार्यरत दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। एक को आगरा और दूसरे अधिकारी को मथुरा से गिरफ्तार किया है। सीबीआई दोनों को लेकर मंगलवार को ही दिल्ली रवाना हो गई। बुधवार को दोनों को गाजियाबाद स्थित सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सीबीआई के आने से पूरे दिन मंडल रेल कार्यालय में अफरा-तफरी रही। सीबीआई की दिल्ली टीम को जयपुर की मैसर्स शिवाकृति इंटरनेशनल लिमिटेड के एमडी शिव दयाल शर्मा ने आगरा रेल मंडल के सिग्नल और टेलीकॉम विभाग (एसएंडटी) में डिप्टी चीफ सिग्नल एंड टेलीकॉम इंजीनियर मुकेश कुमार पर रेलवे के ठेके के भुगतान के बदले रिश्वत मांगने की जानकारी दी थी। मुकेश कुमार अपने अधीनस्थ सीनियर सेक्शन इंजीनियर विजय सिंह के मार्फत रिश्वत लेते थे। सीबीआई ने शिकायत पर मामला दर्ज किया और सोमवार शाम को मथुरा में नए बस स्टैंड के पास विजय सिंह को रंगेहाथ पकड़ने को जाल बिछाया।
कंपनी का सुपरवाइजर मथुरा निवासी ब्रह्मानंद को पांच लाख देकर मौके पर भेजा। वहां विजय सिंह पहले से मौजूद था। जैसे ही विजय सिंह ने हाथ में नोटों को पैकेट पकड़ा, टीम ने उसे धर दबोचा। पूछताछ में विजय सिंह ने मुकेश कुमार का नाम लिया। मंगलवार दोपहर सीबीआई टीम ने मुकेश कुमार के दफ्तर पर छापा मारा। टीम ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित उनके घर भी तलाशी लेने पहुंची। सीबीआई ने मुकेश कुमार को ऑफिस से हिरासत में लिया। सीबीआई द्वारा रिश्वत मामले में गिरफ्तार अधिकारी कंस्ट्रक्शन विंग के हैं। यह आगरा रेल मंडल के अधिकारी नहीं हैं। कंस्ट्रक्शन विंग सीधे एनसीआर हेडक्वार्टर के अंडर में होती है। सीबीआई टीम के आने की जानकारी भी मुझे देर शाम को हुई।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










