लाइसेंसी बंदूक चली गोली से सिक्योरिटी गार्ड हुआ घायल, हालत गम्भीर
ग्रामीणों ने शराब के नशे में खुद पर गोली चलाने का लगाया आरोप
जयेश बादल
ललितपुर। लाइसेंसी बंदूक से अचानक गोली चलने से एक सिक्योरिटी गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया । आनन-फानन में उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अनोरा का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अनोरा निवासी 40 वर्षीय ग्रामीण छत्रपाल सिंह पुत्र जाहर सिंह मंगलवार को सुबह करीब 10 बजे अपने घर पर था और अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी के लिए निकलने ही वाला था कि अचानक उसकी लाइसेंसी बंदूक से गोली चल गई और गोली उसके पैर में जाकर लगी। बंदूक चलने की आवाज सुनकर उसके परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उठाकर तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बताया गया है कि छत्रपाल सिंह शहर के किसी स्थानीय पेट्रोल पंप पर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है।
इस मामले में छत्रपाल सिंह ने बताया कि जब वह अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकल रहा था और कंधे पर बंदूक टांगी तो अचानक बंदूक चल गई और उसकी नाल नीचे होने की वजह से गोली उसके पैर में जा लगी। तो वहीं गांव के ही अन्य ग्रामीण मनोहर सिंह ने बताया कि उक्त व्यक्ति सिक्योरिटी गार्ड है जो सुबह से ही अपने घर में शराब पीकर उत्पात मचा रहा था और शराब के नशे की हालत में ही उसने अपने आप को गोली मारने के उद्देश्य गोली चलाई थी, लेकिन गोली उसके पैर में जा लगी। तो अभी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने बताया कि गन शॉट का मामला सामने आया था। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है । मरीज की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।