प्रेमी के धोखे से आहत युवती मोबाइल टावर पर चढ़ी
पुलिस ने घण्टों मशक्कत के बाद किसी तरह नीचे उतारा
तेजस टूडे मण्डल ब्यूरो
मुसैब अख्तर
गोण्डा। जिले के छपिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हथियागढ़ बाजार में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब प्रेम प्रसंग से परेशान एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब दो घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाइश पर युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार रायपुर थाना छपिया निवासी 23 वर्षीय रेशमा अपने प्रेमी द्वारा शादी का वादा पूरा न करने से नाराज होकर शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे नंगे पांव मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती करीब 20 फीट ऊंचाई पर बैठकर हंगामा करने लगी। सुबह टहलने निकले लोगों ने उसे देखा तो मौके पर भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही हथियागढ़ चौकी प्रभारी शिव कुमार यादव महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि युवती की मांग थी कि उसके प्रेमी अमित निवासी गोडहना, थाना सादुल्लाह नगर, जिला बलरामपुर को बुलाकर उससे शादी कराई जाय। युवती ने पुलिस को बताया कि करीब 3 वर्ष पहले दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर सहमति बनी थी। इसके बाद युवक मुंबई चला गया लेकिन तय समय बीत जाने के बावजूद वह शादी करने नहीं आया और फोन उठाना भी बंद कर दिया। इस संबंध में युवती ने पहले भी छपिया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों को रविवार को थाने बुलाया गया था लेकिन उससे पहले ही युवती टावर पर चढ़ गई। काफी मशक्कत और समझाने के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा। छपिया थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA

