वायरल वीडियो ने पहुंचाया हवालात, कार समेत स्टंटबाज गिरफ्तार
सड़क पर खतरनाक करतब दिखाना पड़ा भारी
तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। सार्वजनिक सड़क पर कार से खतरनाक स्टंटबाजी करने वाले दो युवकों को नवाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को कार समेत पकड़ा जबकि दूसरे को मैरी अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 17 अक्टूबर को वायरल वीडियो में कुछ युवक कार से स्टंट करते दिखाई दिए थे। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 18 अक्टूबर को अंश प्रजापति (21) निवासी कोतवाली क्षेत्र को फायर स्टेशन के पास से घटना में प्रयुक्त मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स कार सहित गिरफ्तार किया। कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया और आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। वहीं वीडियो में दिखाई दिए दूसरे युवक शिवम अहिरवार उर्फ शिवा वारदात (19) निवासी ग्राम मैरी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मैरी अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। वह नवाबाद थाने में दर्ज एक अन्य मुकदमे में भी वांछित था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया। कार्रवाई करने वाली टीम में नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अनुज कुमार, निखिल कुमार तथा कांस्टेबल सौरभ कुमार और करन पाल शामिल रहे।













