महिला अस्पताल में नवजात की मौत के बाद हुआ बवाल, परिजनों ने किया हंगामा
तेजस टूडे मण्डल ब्यूरो
मुसैब अख्तर
गोण्डा। जिला महिला अस्पताल परिसर में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब एक नवजात शिशु की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। घटना इटियाथोक थाना क्षेत्र के ग्राम धरमेई की बताई जा रही है जहां निवासी मेराज अली की नवजात बच्ची का अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल स्टाफ द्वारा शिशु की मृत्यु की सूचना समय पर नहीं दी गई जिससे वे मानसिक रूप से आहत और आक्रोशित हो गए। परिजनों के अनुसार जब वे अस्पताल में बच्ची की स्थिति की जानकारी लेने पहुंचे तो वहां मौजूद डॉक्टरों और स्टाफ से उनका विवाद हो गया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब अस्पताल में तैनात एक सुरक्षा गार्ड से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान गार्ड ने आपा खोते हुए डंडे से परिजनों पर हमला कर दिया। इस हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में ही भर्ती कराया गया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। मृतक बच्ची के पिता मेराज अली ने आरोप लगाया कि उनके साथ न केवल दुर्व्यवहार किया गया, बल्कि अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज भी की गई।
सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांत कराया और जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा गार्ड के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अस्पताल प्रशासन की भूमिका और गार्ड के व्यवहार को लेकर जांच जारी है और घटना से अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA







