अनियंत्रित ट्रक ने रोडवेज बस में मारी टक्कर | #TEJASTODAY
सौरभ सिंह सिकरारा, जौनपुर। थाना क्षेत्र के गोरखपुर-प्रयागराज मार्ग पर सिकरारा चौराहा के समीप शनिवार की रात सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल परिचालक की मौत हो गई जबकि चालक व दो यात्री घायल हो गए। वहीं घायल यात्रियों की हालत गम्भीर बनी हुई है। उनका जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सवारी से भरी बस लगभग 30 फिट आगे नाली पर जाकर रुकी।
जीरो रोड डिपो की बस गोरखपुर से सवारी भरकर प्रयागराज जा रही थी। रात लगभग एक बजे सिकरारा चौराहा पर यात्रियों के लघुशंका के लिए बस रोक दी। बस में कुल 50 यात्री सवार थे। चालक विजय कीर्ति तिवारी व परिचालक शैलेश श्रीवास्तव 45 बस बन्द करके अपने-अपने सीट पर बैठे थे और कुछ यात्री बस से उतरकर लघुशंका कर रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने अनियंत्रित होकर बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतना जोरदार था कि बन्द बस लगभग 30 फिट आगे जाकर सड़क किनारे नाली पर रुकी।
दुर्घटना में बस के परिचालक सर्वेश कुमार श्रीवास्तव (45) निवासी तेलियरगंज प्रयागराज व इसी गांव के ही निवासी बस के चालक विजय कीर्ति त्रिपाठी (49) व मध्यप्रदेश के सतना, मझगवां निवासी रनियां (45) व उनके ही परिवार चार वर्षीय महताब घायल हो गए। गम्भीर रूप से घायल परिचालक की जिला अस्पताल में मौत हो गई। दोनों यात्रियों की स्थित भी खतरे से बाहर बताई जा रही है। चिकित्सकों ने बताया कि चालक को हल्की चोटें आई थीं। इलाज के बाद उनको घर भेज दिया गया। बस चालक की तहरीर पर अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है। वहीं आरटीओ विजय कुमार दोनों घायलों को पांच-पांच हजार रूपये इलाज हेतु सहायता दिये।