तेजस टूडे ब्यूरो शिवमंगल अग्रहरी चित्रकूट। प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने रविवार की देर शाम जनपद के कोटाकंदैला गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मृत्यु की घटना पर शोक व्यक्त किया है। प्रभारी मंत्री नन्दी ने आकाशीय बिजली से हताहत लोगों के आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। घायलों के शीघ्र ही स्वस्थ होने की कामना की। मंत्री नन्दी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना में दो लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। वहीं मृतकों के परिजनों को अनुमन्य सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराने व घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। आकाशीय बिजली से घायल व्यक्तियों के समुचित चिकित्सा प्रबंध किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। जिसकी लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी जीपी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम सिगवा मजरा ऊंचाडीह में आकाशीय बिजली गिरने से रामदयाल पुत्र देवीदयाल उम्र 18 वर्ष आशीष पुत्र राजा उम्र 16 वर्ष की मृत्यु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर ले जाते समय हो जाने व उक्त घटना में अन्य चार व्यक्ति घायल हो गए। जिसमें बृजेश पुत्र कमलेश, दीनदयाल पुत्र बाबूलाल, अंकित पुत्र धर्मपाल व गोलू पुत्र अभिलाष है, को दैवीय आपदा राहत कोष से मृतक व घायल के परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की कार्यवाही की जा रही है।