सुभाष चौक पर फहराया तिरंगा
सुभाष चौक पर फहराया तिरंगा
प्रयागराज। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सिविल लाइंस स्थित सुभाष चौक पर स्थायी तिरंगा फहराया गया। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री व वात्सल्य हॉस्पिटल की निदेशक डा. कीर्तिका अग्रवाल की पहल पर यहां शैलेश पांडेय ने स्थायी तिरंगा फहराया। डा. कीर्तिका ने कहा, यह ऐतिहासिक दिन है जब हम सब सुभाष चौक पर स्थायी तिरंगा फहराया जा रहा है।
इसके लिए काफी दिनों से प्रयास किया जा रहा था। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और पीडीए के सहयोग से आज ऐतिहासिक कार्य हो रहा है। एसएसपी शैलेश पांडेय ने कहा कि प्रयागराजवासियों के लिए एक उपलब्धि है। भाजपा नेत्री शिखा खन्ना ने कहा कि सुभाष चौक पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, ऐसे में यहां स्थायी तिरंगा फहराने के लिए हम लोग काफी समय से प्रयास कर रहे थे। आखिरकार यह ऐतिहासिक दिन आज आ ही गया जब हम यहां पूरी शान से अपना स्थायी तिरंगा फहरा रहे हैं।
राष्ट्रभक्ति गीतों की धुन पर लोग यहां थिरकते नजर आए तो महिलाओं ने सेल्फी प्वाइंट लेकर इस दिन को यादगार बनाया। इस मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी, शिखा रस्तोगी, रीता सिंह, प्रिया कैथवास, अंजली गोस्वामी, सुमन गोस्वामी, दुर्गेश नंदनी, रीता पासी समेत महिला मोर्चा की अन्य महिलाएं शामिल रहीं।