ट्रैक्टर ट्राली पलटी, महिला समेत दो की हुई मौत, चार घायल
गणेश प्रतिमा लेकर सई नदी में विसर्जन करने जा रहे थे ग्रामीण
सूचना पर एसडीम हसनगंज समेत स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची
तेजस टूडे ब्यूरो
अश्वनी सैनी
उन्नाव। हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के औरास मोहान मार्ग पर बुधवार दोपहर बारादेव गांव से गणेश मूर्ति का विसर्जन करने के लिए ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर जा रहे दो दर्जन से अधिक लोगो से भरी ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला और किशोरी के मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। एसडीएम समेत आलाधिकारियों ने मौके पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की है। जानकारी के अनुसार बारादेव निवासी रज्जन साहू गणेश महोत्सव का आयोजन कर रहे थे। बुधवार दोपहर गणेश प्रतिमा की विसर्जन करने के लिए वह गांव से ट्रैक्टर ट्राली लेकर करीब दो दर्जन से अधिक लोगों को साथ ले जाकर मूर्ति विसर्जन करने के लिए सई नदी घाट पर जा रहे थे। अभी वह और औरास मोहन रोड के बहरौली गांव के पास पहुंचे ही थे कि अचानक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्राली ट्रैक्टर पलटने से उसमें सवार विमल (55) पत्नी राधेश्याम, मधु (15) पुत्री आतिश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ललिता पुत्री अनिल, लक्ष्मी पुत्री पप्पू समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी पर हसनगंज कोतवाल चंद्रकांत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आनन-फानन उन्होंने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। घटना की जानकारी पर उपजिलाधिकारी हसनगंज रामदेव निषाद भी मौके पर पहुंचे उन्होंने जांच पड़ताल की है और घायलों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













