धरने पर बैठी वृद्धा की हुई मौत से मचा हड़कम्प
ग्रामीणों ने महिला का शव सड़क पर रखकर किया चक्काजाम
सोनू सिंह
आगरा। जनपद की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत धनौली में नाला निर्माण की मांग को लेकर चल रहे धरने में बैठी वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। थाना प्रभारी मलपुरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस जांच कर मौत के कारणों का पता लगाने में जुट गई वहीं ग्रामीणों में इस घटना के बाद से भारी आक्रोश है।
पिछले 81 दिन से नाला निर्माण की मांग को लेकर यह धरना चल रहा था। ग्राम पंचायत धनौली में पिछले लगभग 3 महीने से नाला निर्माण और विकास कार्यों की मांग को लेकर धरना चल रहा है। कई बार आश्वासन के बावजूद भी प्रशासन अभी तक नाला निर्माण नहीं करा पाया है। धरने में शामिल वृद्ध महिला 70 वर्षीय रानी अम्मा की रविवार की सुबह मौत हो गई। वृद्ध महिला की मौत की खबर से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। धरने में मौजूद सहयोगियों और परिवार में कोहराम मच गया है। वृद्ध महिला की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के साथ-साथ एलआईयू मौके पर पहुंची है।
धरने में वृद्धा की मौत की सूचना पर बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। थाना मलपुरा प्रभारी अवनीश त्यागी ने धरना स्थल पर पहुंचकर वृद्धा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ताज नगरी की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत धनौली में प्रशासन की अनदेखी के चलते विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। कई बार यहां महिला द्वारा समाधि लेने की कोशिश की गई जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया था। आनन-फानन में सभी विकास कार्य कराने के लिए प्रशासन ने आश्वस्त किया था लेकिन महीना गुजरने के बाद भी शासन-प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं रहा है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।