सेमरी में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर ‘लूट’ का खेल
मेडिकल लाइसेंस की आड़ में चल रही डॉक्टरी, अवैध पैथ लैब से तगड़ी सेटिंग
क्या प्रशासन इन ‘रहनुमा’ बने लुटेरों पर नकेल कसेगा या फिर रजिस्ट्रेशन के नाम पर अवैध धंधों को संरक्षण मिलता रहेगा?
तेजस टूडे सं.
पंकज कुमार
खीरों, रायबरेली। स्थानीय क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर आम जनता की जेब पर सीधा डाका डाला जा रहा है। यहाँ ‘दवा’ कम और ‘धोखा’ ज्यादा परोसा जा रहा है। ताजा मामला सेमरी क्षेत्र का है जहाँ सेमरी चौराहा स्थित सरेनी रोड पर दीपक मेडिकल स्टोर ने दवा बेचने का लाइसेंस तो ले रखा है लेकिन इसकी आड़ में यहाँ धड़ल्ले से क्लीनिक संचालित कर मरीजों का इलाज (प्रैक्टिस) किया जा रहा है। स्थिति इतनी गंभीर है कि मेडिकल स्टोर संचालक खुद डॉक्टर बनकर लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहा है जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
पैथ लैब एवं झोला छापों का ‘कॉरपोरेट’ गठजोड़
जांच में सामने आया है कि इस अवैध खेल के पीछे एक गहरा नेटवर्क काम कर रहा है। दीपक मेडिकल स्टोर के ठीक बगल में चंदन पैथ लैब का संचालन हो रहा है। सूत्रों की मानें तो यह लैब पूरी तरह अवैध है लेकिन मेडिकल स्टोर और क्षेत्र के तमाम झोला छाप डॉक्टरों के साथ इसकी ‘सेटिंग’ इतनी मजबूत है कि यहाँ मरीजों को जबरन जांच के लिए भेजा जाता है। जैसे ही कोई मरीज मेडिकल स्टोर पर दवा लेने पहुँचता है, उसे झोला छाप डॉक्टरों और स्टोर संचालक द्वारा डराकर जांच की सलाह दी जाती है। इस कमीशनखोरी के चक्कर में गरीब जनता की गाढ़ी कमाई लूटी जा रही है।
रजिस्ट्रेशन की आड़ में ‘लूट’ को कानूनी जामा पहनाने की तैयारी
चौंकाने वाली खबर यह है कि अवैध रूप से चल रही चंदन पैथ लैब अब अपने काले कारोबार को ‘सफेद’ करने की फिराक में है। सूत्रों का कहना है कि लैब के रजिस्ट्रेशन की फाइल प्रक्रियाधीन है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि इस अवैध लैब को रजिस्ट्रेशन मिल गया तो इनका हौसला और बढ़ जाएगा और आम आदमी को लूटना और भी आसान हो जाएगा। अधिकारियों की चुप्पी पर उठ रहे सवाल सेमरी क्षेत्र में झोला छाप डॉक्टरों और बिना मानकों के चल रहे मेडिकल स्टोरों की भरमार है लेकिन स्वास्थ्य विभाग की कुंभकर्णी नींद टूटने का नाम नहीं ले रही है। आखिर किसके संरक्षण में यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है? सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खीरों के अधीक्षक डॉ. भावेश सिंह ने कहा मामला संज्ञान में आया है। किसी भी मेडिकल स्टोर को प्रैक्टिस करने का अधिकार नहीं है। यदि अवैध पैथ लैब और झोला छाप डॉक्टरों द्वारा जनता को लूटा जा रहा है तो टीम गठित कर जल्द ही छापेमारी की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA



