Jaunpur News:सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति ने बैठक में दिये आवश्यक निर्देश
तेजस टूडे ब्यूरो
जौनपुर। उत्तर प्रदेश विधान मंडल की सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति 2022-23 की द्वितीय उपसमिति की बैठक शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। समिति के अध्यक्ष व सदस्यों ने जनपद में विभिन्न सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो की परिधि में आने वाले निगमो/उपक्रमों से संबंधित कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जाने वाले कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। समिति की अध्यक्ष सरिता भदौरिया, सदस्य डॉ. अवधेश सिंह, माधवेंद्र प्रताप सिंह ने आवास विकास परिषद की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुये मुख्य विकास अधिकारी साई तेजा सीलम को एक समिति का गठन करते हुए सारे कार्यों की गुणवत्ता की जाँच कराते हुए कार्य में तेजी लाए जाने के निर्देश दिये।
उन्होंने निर्देश दिया कि जब भी किसी परियोजना में छत ढलाई सहित अन्य महत्वपूर्ण निर्माण कार्य हो, उस दौरान सम्बंधित कार्यदाई संस्थाओं के जेई अवश्य मौजूद रहे। महत्वपूर्ण निर्माण बिंदुओं/स्टेप्स की वीडियोग्राफी भी कराई जाय। समिति द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत, मड़ियाहूं, महाराजगंज, सुइथाकला में 50 बेड के अस्पताल के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली गई। जल निगम नगरीय के कार्यो की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि पाइप लाइन बिछाने में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होनी चाहिए। डीपीआर में स्वीकृत मानक के अनुरूप उच्च गुणवत्ता की पाइपलाइन बिछाई जाय। जिन सड़कों को तोड़ा दिया जा रहा है, उन्हें गुणवत्तापरक रेस्टोरेशन कर दिया जाय।
जल निगम ग्रामीण द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की समीक्षा के दौरान एक्स०ई०एन० जल निगम ग्रामीण ने बताया कि 93 गांव में हर घर नल योजना से संबंधित कार्य पूर्ण हो चुका है और नियमित रूप से पानी की सप्लाई की जा रही है। जिन गांवों में हर घर नल योजना के तहत कार्य कराए जा रहे हैं, पाइप पेयजल योजनाओं हेतु जो भी सड़के खोदी जा रही हैं, उसका उसी दिन रेस्टोरेशन कर दिया जाय, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इस प्रकार की कोई भी शिकायत ग्रामीण स्तर से नहीं होनी चाहिए तथा पूर्ण कराए गए कार्यों के ग्रामों की सूची उपलब्ध कराए जाने के निर्देश भी दिये गये।
इसी क्रम में कार्यदायी संस्था सीएनडीएस यूनिट 37 द्वारा कराए जा रहे सभी कार्यों की समीक्षा की गई। पर्याप्त मात्रा में फंड के बावजूद भी रिकॉर्ड रूम न्यायालय के निर्माण में देरी हुई है, इस पर मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि एक कमेटी बनाकर सीएनडीएस के सभी कार्यों की जांच कर समिति को रिपोर्ट दे और कार्यों में तेजी लायें। इसके साथ ही गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाय। एक्स०ई०एन० पीडब्ल्यूडी भवन खंड वाराणसी को निर्देशित किया कि जिला कारागार के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द शुरू कराया जाय।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि जगह चिन्हित कर लटके हुए तार ठीक कराये जायं। जनपद के सभी स्थान पर जर्जर तारों को अवश्य बदलवा दें, अन्यथा कोई भी दुर्घटना होने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और विद्युत आपूर्ति में सुधार करें। मीटर रीडिंग के नाम पर वसूली की शिकायत न आने पाये। यह भी निर्देशित किया कि विगत महीनों में मीटर रीडिंग से संबंधित बिल संशोधन की जाय और जो शिकायत उपभोक्ताओं द्वारा की गई है, उसमें कितने उपभोक्ताओं के बिल संशोधित किए गए हैं, उसकी सूची समिति को उपलब्ध करायें। अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि छात्रवृत्ति का सही ढंग से वितरण किया जाय।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी अस्पतालों में ओपीडी चलती रहे और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध रहे, समय-समय पर निरीक्षण करते हुए इसका सत्यापन एभी करे कि ग्रामीण इलाकों की पीएचसी/ सीएससी पर डाक्टर उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने समिति के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन किए जाने का आश्वासन दिया। अंत में समिति की अध्यक्ष ने सौहार्दपूर्ण एवं सफल बैठक के आयोजन पर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य जनपदस्तरीय अधिकारियों से प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी रविंद्र मांदड, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक शहर बृजेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० लक्ष्मी सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ० अरुण यादव सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









