अवैध रूप से संचालित विद्यालयों की मान्यता निरस्त करने के दिये गये निर्देश
तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। सदस्य उ.प्र. राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग श्याम त्रिपाठी द्वारा जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित करते हुए कहा कि सघन अभियान चलाकर जनपद में अवैध रूप से संचालित विद्यालयों की मान्यता निरस्त करने की कार्यवाही अमल में लाई जाए। आयोग के सदस्य अवध अकैडमी में हुई दुर्घटना में घायल बच्चों से मिलने के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचे। घायल बच्चों और उनके परिजनों से मिलकर उन्होंने उनका हाल-चाल जाना। सदस्य द्वारा घटनास्थल अवध अकैडमी विद्यालय का निरीक्षण किया गया, जो कि इस समय सील कर दिया गया है। उन्होंने थाना जहांगीराबाद पहुंचकर विद्यालय में हुई घटना की जानकारी प्रभारी निरीक्षक जहांगीराबाद से प्राप्त की। आयोग सदस्य ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बंकी का भी निरीक्षण किया और किशोरियों से बातचीत की। उनके द्वारा राजकीय सम्प्रेक्षण गृह का भी निरीक्षण किया गया। जनपदस्तरीय अधिकारियों के साथ सभी विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. पल्लवी सिंह और एसीएमओ डॉ. डीके श्रीवास्तव को उनके द्वारा किए गए प्रशंसनीय कार्यों को देखते हुए प्रशस्ति पत्र दिया गया। बैठक में सदस्य, बाल कल्याण समिति, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला समन्वयक चाइल्डलाइन, बाल विकास संरक्षण अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।