फिरोजाबाद में किशोरियों के गायब होने की बढ़ीं घटनाएं
मिशन शक्ति के बावजूद शोहदों के हौसले बुलन्द
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। मिशन शक्ति के तहत जहां सरकार और प्रशासन लगातार बालिकाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर व जागरूक बनाने के प्रयास कर रहा है, वहीं शरारती तत्व अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे। जिले में हर रोज किशोरियों के लापता होने की खबरें सामने आ रही हैं जिससे परिजनों में बेचैनी और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
सिरसागंज थाना क्षेत्र के एक गांव से हाल ही में 15 वर्षीय किशोरी (काल्पनिक नाम सोनम) के अचानक लापता हो जाने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार 20 जून की सुबह जब वे जागे तो सोनम घर पर नहीं थी। काफी तलाश करने पर भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। परिजनों को शक है कि गांव में ही रहने वाला युवक (काल्पनिक नाम राकेश शाक्य) किशोरी को बहला-फुसलाकर कहीं ले गया है। जब सोनम के पिता युवक के घर पहुंचे तो वह वहां मौजूद नहीं था और उसके परिवारजन भी कोई जानकारी देने को तैयार नहीं थे।
मामले की सूचना पर पुलिस ने तहरीर दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। इसी तरह की एक अन्य घटना थाना मक्खनपुर क्षेत्र से सामने आई है जहां 18 वर्षीय युवती (काल्पनिक नाम रीना) संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों का आरोप है कि गांव के पास फॉर्म हाउस के बाहर क्लीनिक चला रहा एक झोला छाप युवक (काल्पनिक नाम त्रिवेंद्र कुमार), जो जखरा थाना खैरगढ़ का निवासी है, युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। परिजनों ने बताया कि त्रिवेंद्र खुद को डॉक्टर बताता था लेकिन उसके पास कोई मान्यता प्राप्त डिग्री नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है और संबंधित आरोपियों की तलाश जारी है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।