बहराइच में 5233 स्थानों पर बनाये गये होलिका दहन स्थल
होलिकोत्सव को लेकर बहराइच होली समिति ने पदाधिकारियों को सौंपे दायित्व
फरूवाही नृत्य, कवि सम्मेलन, होली मिलन व सांस्कृतिक कार्यक्रम से गुलजार होगा घण्टाघर प्रांगण
तेजस टूडे ब्यूरो अब्दुल शाहिद बहराइच। सतरंगी पर्व होलिकोत्सव को सौहार्दपूर्ण, शांतिपूर्ण व हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए बहराइच होली समिति व जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। होलिकोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस वर्ष होली का पर्व भव्यता एवं दिव्यता के साथ मनाने का निर्णय लिया गया है। होलिकोत्सव का शुभारंभ रविवार से हो चुका है जो 4 मार्च तक चलेगा। चंद्र ग्रहण के चलते मुख्य होली पर्व 4 मार्च को मनाया जाएगा। जनपद में 5233 स्थानों पर होलिका दहन स्थल बनाए गए हैं जबकि शहर में लगभग 1400 से अधिक स्थानों पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होलिका दहन सम्पन्न होगा। बहराइच होली समिति के अध्यक्ष दीपक प्रकाश सोनी ने बताया कि रंगोत्सव को व्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लासपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिये पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गये हैं। कुल 19 पदाधिकारी विभिन्न मार्गों पर भ्रमणशील रहकर कार्यक्रम की निगरानी करेंगे और पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने में अपनी महती भूमिका निभायेंगे।
ये पदाधिकारी रहेंगे शामिल
महामंत्री सुमित खन्ना ने बताया कि दोन्नका चौराहे से डिगिहा तिराहा तक अखिलेश यादव, गोले डिगिहा तिराहे से पानी टंकी बृजेश पाण्डेय, डिगिहा तिराहे से छावनी चौराहा मनोज मिर्ची, अग्रसेन चौक से रेलवे स्टेशन नितिन रूपानी, दरगाह ओवरब्रिज से छावनी चौराहा शिवशरण कसेरा, पानी टंकी, सूफीपुरा, जेल रोड, कटी चौराहा अनुज पाण्डेय, डीएम चौराहा से पीपल तिराहा आशीष कंसल, पीपल तिराहा से रोडवेज मनदीप सिंह वालिया, रोडवेज से महाराणा प्रताप चौराहा कृष्ण गोपाल, तायल छावनी चौराहा से चांदपुरा कन्हैया कश्यप, छावनी चौराहा से घण्टाघर नितिन भुजवा, किला, बशीरगंज से घण्टाघर हर्षित राज श्रीवास्तव, अस्पताल चौराहा से घण्टाघर ज्ञानी शर्मा, पीपल तिराहा से गुदड़ी चौराहा कन्हैया सोनी, केवानागंज से घण्टाघर विपिन यज्ञसैनी, गुदड़ी चौराहा से ट्रांसफॉर्मर चौराहा गौरव वर्मा, छावनी चौराहे पर बबलू, धानकूट गुदड़ी-मीराखेलपुरा, सीताराम यज्ञसैनी सलारगंज, मंसूरगंज व काजी कटरा सुरेश गुप्ता।
मीडिया प्रभारी सचिन श्रीवास्तव ने बताया कि रंगों के पर्व की शुरुआत रविवार से हो चुकी है। 4 मार्च (गुरुवार) को मुख्य होली पर्व मनाया जाएगा। लोक कलाकार गोलू पासवान टीम द्वारा घण्टाघर पर फरूवाही लोकनृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। सांयकाल घण्टाघर प्रांगण में होली मिलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं उपाधि वितरण समारोह आयोजित होगा। 5 मार्च (शुक्रवार) को प्रातः 11 बजे शहर के त्रिमुहानी घाट स्थित श्री हनुमानजी मंदिर परिसर में होली मिलन एवं प्रसाद वितरण। रात्रि 8:30 बजे से नामचीन कवियों द्वारा भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन। सभी कार्यक्रमों को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।