घायल होने बाद पकड़ में आया हिस्ट्रीशीटर
तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। घुंघटेर थाना में मुठभेड़ के बाद पकड़ में आए शातिर बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र में जमुआ पुल के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस टीम द्वारा रोकने का प्रयास किया गया तो उसके द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। पुलिस टीम द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ फायरिंग में बदमाश ननकऊ पुत्र रामलखन लोनिया निवासी होरी लाल पुरवा थाना रामनगर के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल हुए गिरफ्तार अभियुक्त को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से 1 तमंचा .315 बोर व 1 जिंदा, कारतूस बरामद किया गया। जांच से पता चला कि घायल अभियुक्त ननकऊ द्वारा अपने अन्य 3 साथियों के साथ थाना घुंघटेर क्षेत्रान्तर्गत पिण्डसावां में एक घर से सोने चांदी के आभूषण व नगद पैसे चोरी करने के उपरान्त घर पर मौजूद लोगों द्वारा विरोध करने पर मारपीट करने के सम्बन्ध में थाना घुंघटेर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। विगत 19 जुलाई को सर्विलांस, थाना देवा व घुंघटेर की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा घटना में संलिप्त अभियुक्त धर्मेन्द्र मौर्य पुत्र श्याम लाल निवासी ग्राम सरपतहा जनपद लखीमपुर खीरी, नौशाद पुत्र इरशाद निवासी मोमतिया जनपद लखीमपुर खीरी व इस्माइल पुत्र मुजफ्फर अली निवासी चांदपुर जनपद सीतापुर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। चौथा अभियुक्त ननकऊ उपरोक्त वांछित चल रहा था जिसको आज थाना घुंघटेर पुलिस द्वारा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। अभियुक्त ननकऊ के विरूद्ध लूट, चोरी, डकैती एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट तथा गैंगेस्टर एक्ट सहित 18 मुकदमा दर्ज है तथा थाना रामनगर का हिस्ट्रीशीटर है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









