सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही
तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
हमीरपुर। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक की उपस्थिति में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक की गई। बैठक में आगामी त्योहार बकरीद एवं मोहर्रम को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कुर्बानी केवल पूर्व से निर्धारित एवं परंपरागत स्थलों पर ही की जाए। खुले स्थानों अथवा नई जगहों पर किसी भी प्रकार की कुर्बानी की अनुमति नहीं दी जाएगी। शासन की मंशानुरूप सभी त्योहार सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव एवं सौहार्द के वातावरण में मनाए जाएं। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह अथवा विवाद की स्थिति में तत्काल प्रशासन को अवगत कराया जाय जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में हीट वेव एवं भीषण गर्मी का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है, इसलिए सभी लोग सतर्क रहें तथा आवश्यक सावधानियां बरतें। उन्होंने लोगों से अपील किया कि अत्यधिक गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें तथा अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। सभी नागरिक आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नगर निकायों एवं विभागीय अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश भी दिये गये।
पुलिस अधीक्षक श्री मृगांक शेखर पाठक ने कहा कि जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर सतत मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील किया कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, भ्रामक अथवा असत्य सामग्री साझा न करें। ऐसा करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सड़क अथवा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नमाज़ अदा न की जाए। नमाज़ केवल पूर्व निर्धारित एवं अधिकृत स्थलों पर ही पढ़ी जाय जिससे यातायात व्यवस्था एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा कानून व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे। बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करते हुए आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
अधिकारीद्वय ने कहा कि हमीरपुर जनपद की गंगा-जमुनी तहजीब एवं सौहार्दपूर्ण परंपरा को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रिजवाना शाहिद, अपर पुलिस अधीक्षक, संबंधित प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी, नगर निकाय प्रतिनिधि, धर्मगुरु एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA







