एसआर ग्रुप ने निकाली विशाल तिरंगा यात्रा
एसआर ग्रुप ने निकाली विशाल तिरंगा यात्रा
रंजीत सिंह
उरई। देश में आजादी की पचहत्तरवीं वर्षगांठ पर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव के अंतर्गत एसआर ग्रुप उरई ने एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। एसआर इंटर कालेज कोंच बस स्टैंड उरई से निकलने वाली तिरंगा यात्रा को नगर पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा एवं उरई सदर के एसडीएम राजकुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ग्रुप के चेयरमैन डा. सीपी गुप्ता, वाइस चेयरमैन रमाकांत द्विवेदी, प्रबंधक अशोक राठौर, बालिका इंटर कालेज की प्रधानाचार्य मंजू गुप्ता, एसआर पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य रश्मि शुक्ला, एसआर डिग्री कालेज के प्राचार्य डा. रमाकांत गुप्त, माडर्न स्कूल के प्रधानाचार्य उदित कुशवाहा सहित एसआर ग्रुप के सभी विद्यालयों के शिक्षक शिक्षिकाएं इस तिरंगा यात्रा में सम्मिलित हुए।
एसआर इंटर कालेज से शुरू हुई तिरंगा यात्रा माहिल तालाब, घंटाघर, मच्छर चौराहा, अंबेडकर चौराहा होते हुए जब जिला परिषद पहुंची तो जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी भी बड़े उत्साह के साथ यात्रा में सम्मिलित हुए तथा यात्रा में कई जगह पब्लिक ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा जेल रोड ठड़ेश्वरी मंदिर होते हुए लगभग साढ़े 4 किमी के पैदल मार्च के बाद वापस एसआर इंटर कालेज उरई पहुंची जहां राष्ट्रगान एवं गगनभेदी देशभक्ति पूर्ण नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। विद्यालय के प्रबंधक अशोक राठौर ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, अध्यापकों एवं छात्र छात्राओं को सम्मिलित होने के लिए आभार व्यक्त किया।