तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, एक की हुई मौत एवं दूसरा घायल
जाम की समस्या से अक्सर होती हैं दुर्घटनाएं, बाईपास के लिये लोग कर रहे मांग
तेजस टूडे ब्यूरो
एम अहमद
श्रावस्ती। जिला मुख्यालय भिनगा में जाम की समस्या के बीच शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तहसील के पास भिनगा-सिरसिया मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 40 वर्षीय मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि भिनगा नगर के मोहल्ला कहारन निवासी दरोगा एक खाद एवं बीज गोदाम पर पल्लेदारी का कार्य करते थे। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे गोदाम के सेल्समैन सत्य कुमार पुत्र बंशीलाल निवासी मोहल्ला बारी उन्हें बाइक से दहाना स्थित गोदाम पर धान उतरवाने के लिए लेकर जा रहे थे। जैसे ही दोनों ईदगाह तिराहे से आगे बढ़े, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे दरोगा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चालक सत्य कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की मदद से ट्रक समेत चालक को पकड़ लिया गया। घायल सत्य कुमार को उपचार के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं कोतवाली पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला मुख्यालय पर आए दिन लगने वाले जाम के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से यातायात व्यवस्था सुधारने और जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग किया है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA







