थाना गेट बना अखाड़ा: कटरा बाजार थाने के बाहर दो पक्षों में ‘दे दनादन’ लात-घूंसों का वीडियो वायरल
तेजस टूडे ब्यूरो
सुधीर सोनी
गोण्डा। कटरा बाजार थाना परिसर सोमवार को उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया जब पुराने विवाद को लेकर थाने पहुंचे दो पक्ष अचानक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते थाना गेट के बाहर ही जमकर लात-घूंसे चलने लगे। कुछ देर तक वहां अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बनी रही। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार कटरा बाजार थाना क्षेत्र के असरना गांव के कुछ लोगों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। इसी मामले में दोनों पक्षों को बातचीत और समझौते के लिए थाने बुलाया गया था। बताया जाता है कि थाना गेट के बाहर ही किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े और सड़क किनारे ही ‘दे दनादन’ लात-घूंसे चलने लगे। थाना परिसर के बाहर अचानक हुई मारपीट से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। हंगामे की सूचना मिलते ही थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग कराया। पुलिस ने मारपीट में शामिल लोगों को हिरासत में लेकर थाने के भीतर बैठाया और पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। मामले में जो भी व्यक्ति कानून व्यवस्था भंग करने और मारपीट में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाना गेट के बाहर हुई इस घटना को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब थाने के बाहर ही इस तरह खुलेआम मारपीट हो सकती है तो आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA







