स्वतंत्रता दिवस के दूसरे दिन पुलिस व भाजपा नेताओं ने निकाली तिरंगा यात्रा
स्वतंत्रता दिवस के दूसरे दिन पुलिस व भाजपा नेताओं ने निकाली तिरंगा यात्रा
चंदन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। कस्बे में स्वतंत्रता दिवस के दूसरे दिन पुलिस और भाजपा नेताओं ने मिलकर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में शामिल पुलिस के जवानों और अन्य लोगों ने यात्रा के दौरान देशभक्ति भरे नारे लगाए और भारत माता के जयकारों से फिजा गूंज उठी। मंगलवार को शाम साढ़े पांच बजे कोतवाली परिसर से पुलिस के सैकड़ों जवानों, कस्बे के भाजपा नेताओं और संभ्रांत नागरिकों का जत्था जुलूस की शक्ल में नगर भ्रमण को निकल पड़ा। सबके हाथ में तिरंगा झंडा और होठों पर आजादी के परवानों का नारा वंदे मातरम था। यह यात्रा कोतवाली परिसर से निकलकर मुख्य मार्ग, जेसीज चौक, आजमगढ़ रोड, विवेकानंद तिराहा, पुरानी बाज़ार और घासमंडी चौक होते हुए वापस कोतवाली आकर संपन्न हुई।
जुलूस की अगुवाई क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार ने की। उन्होंने कहा कि 1947 में देश को मिली आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर मनाए जा रहे देशव्यापी अमृत महोत्सव के तहत 11 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में इस अनोखी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि तिरंगा समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में पिरोता है और हम सभी को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित करता है। तिरंगा यात्रा में प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार आर्या, भाजपा के मल्हनी प्रभारी सतीश सिंह, अनिल मोदनवाल, भाजपा मंडल ईशान राम जायसवाल, रूपेश जायसवाल, भुवनेश्वर मोदनवाल, विशाल जायसवाल, गुलाम साबिर, अतुल गुप्ता, नितिन साहू और अक्षत अग्रहरि आदि मौजूद रहे।