HomeTrendingभक्ति, आस्था एवं सेवा का संगम बना सांताक्रुज का नवरात्रोत्सव

भक्ति, आस्था एवं सेवा का संगम बना सांताक्रुज का नवरात्रोत्सव

  • भक्ति, आस्था एवं सेवा का संगम बना सांताक्रुज का नवरात्रोत्सव

तेजस टूडे ब्यूरो
मुम्बई। सांताक्रुज (पश्चिम) के स्टेशन रोड पर सीजन शोरूम के पास इन दिनों भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। सांताक्रुज सार्वजनिक नवरात्रोत्सव मंडल की ओर से द्वारिका नगरी की भव्य थीम पर मां जगदंबा का आकर्षक दरबार सजाया गया है। मनमोहक साज-सज्जा, आध्यात्मिक वातावरण और मां की दिव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। छह फुट ऊंची मां जगदंबा की प्रतिमा मंडप की शोभा बढ़ा रही है। मां के एक हाथ में त्रिशूल और दूसरे हाथ में खंजर सुशोभित है। श्रद्धालु मां के दरबार में माथा टेककर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

14 वर्षों से हो रहा है नवरात्रोत्सव
मंडल के पदाधिकारी विट्ठल बोराडे ने बताया कि सांताक्रुज सार्वजनिक नवरात्रोत्सव मंडल पिछले 14 वर्षों से लगातार मां जगदंबा का दरबार सजाकर नवरात्रोत्सव का आयोजन कर रहा है। हर वर्ष श्रद्धालुओं के लिए विशेष थीम पर भव्य मंडप तैयार किया जाता है। इस वर्ष द्वारिका नगरी की थीम को आकर्षक रूप दिया गया है। मंडप में शेषनाग पर शयन करते भगवान विष्णु और उनके चरण दबाती माता लक्ष्मी की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई हैं।

शाम होते ही दर्शन के लिये लगती हैं कतारें
मां जगदंबा के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाता है। शाम होते-होते भक्तों की संख्या बढ़ने लगती है और दर्शन के लिए कतारें लग जाती हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंडल की ओर से व्यवस्थित दर्शन की व्यवस्था की गई है। दर्शन के बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाता है। भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों से पूरे दिन मंडप में भक्तिमय वातावरण बना रहता है।

धार्मिक आयोजनों के साथ समाजसेवा का लिया गया संकल्प
सांताक्रुज सार्वजनिक नवरात्रोत्सव मंडल धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। मंडल की ओर से जरूरतमंद विद्यार्थियों को नोटबुक वितरित करने, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राशन उपलब्ध कराने और निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित करने जैसे कार्य किए जाते हैं।

मण्डल का उद्देश्य
नवरात्रोत्सव के माध्यम से धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ जरूरतमंद लोगों की मदद करना भी है। इस तरह मां जगदंबा का दरबार श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनने के साथ समाजसेवा और सहयोग का संदेश भी दे रहा है।

 

 

 

 

 

Must Read