HomeTrendingमातु शारदे कृपा करो, दे दो ऐसा वरदान...

मातु शारदे कृपा करो, दे दो ऐसा वरदान…

  • मातु शारदे कृपा करो, दे दो ऐसा वरदान…

तेजस टूडे ब्यूरो
विशाल रस्तोगी
बिसवां, सीतापुर। राष्ट्रीय कवि संगम सीतापुर के तत्वावधान में वंदेमातरम् कवि सम्मेलन सम्पन्न हुआ। नवयुवक जागरण कमेटी द्वारा मां दुर्गा पूजा पंडाल चीनी मिल गेट के निकट आयोजित इस कवि सम्मेलन की अध्यक्षता राष्ट्रीय कवि संगम के राष्ट्रीय मंत्री साहित्य भूषण कमलेश मौर्य मृदु ने किया। गीतकार संजय सांवरा ने संचालन किया। कवि सम्मेलन का प्रारंभ दिव्या वर्मा विद्यार्थी द्वारा प्रस्तुत वाणी वंदना से हुआ। मातु शारदे कृपा करो, दे दो ऐसा वरदान। शब्द हमारे देश की खातिर, बन जाय सम्मान। हो मुखरित वंदेमातरम् गान।।
अध्यक्षता कर रहे साहित्य भूषण कमलेश मौर्य मृदु ने मां दुर्गा की वंदना करते हुए वरदान मांगा—— आतंकवादी व दिमागी नक्सलवादियों जेहादियों की मातु गर्दनें कतर दो। काकरोच के समान जिनकी है सोच ऐसे देशद्रोहियों की खाल खींच भूसा भर दो।। श्री मृदु ने अखंड भारत के सपने को साकार होने की चर्चा करते हुए कहा—— “मात्र-भूमि” नहीं पूज्य “मातृभूमि” है हमारी जिस दिन भाव में प्रचंड बन जायेगा। जाति वर्ग संप्रदाय के तिभ्मिर को हटा के, मातृभक्ति भाव मार्तण्ड बन जायेगा। जिस दिन राष्ट्रीयता की पहचान हेतु वंदेमातरम् मानदंड बन जायेगा। मां की जयकार की हुंकार द्वार द्वार होगी उसी दिन भारत अखंड बन जायेगा।
अतुल बाजपेई अतुल ने वंदेमातरम् की महिमा को रेखांकित करते हुए कहा—— वंदेमातरम् का जब-तक सम्मान रहेगा। अखिल विश्व में भारत देश महान रहेगा। ओज कवि राजेश बाजपेई प्रसून ने ओजस्वी छंद सुनाकर सबको रोमांचित कर दिया। मन में उठी तरंग लेखनी उठाई और शब्द शब्द जय मां भवानी लिखने लगा। मातृभूमि के लिए असीम अनुराग बलिदान की वो अमिट निशानी लिखने लगा।
वीर रस की कवयित्री ख्याति शिल्पी मौर्य की वीरों की समर्पित रचनाएं बहुत सराही गईं— मां को नमन उनकी जिनके सुत देश की राज बचावन वारे। ऐसी बहन को नमन जिनके बिरना नित सीमा पै हैं रखवारे। ऐसी त्रिया को नमन जिनके पिया युद्ध में शत्रु के शीश विदारे। मां दुर्गा से है याचना ऐसे हों वीरव्रती परिवार हमारे। इसी क्रम में वरिष्ठ कवि केदारनाथ शुक्ल व रजनीश मिश्र ने ओजस्वी रचना सुनाकर सभी को झकझोर दिया। अवधी कवि अरुण वर्मा गंवार, मनोज अवस्थी शुकदेव एवं रामदास गुप्ता रतन ने लोकगीत सुना करके खूब तालियां बटोरीं।
वरिष्ठ व्यंग्यकार अरुणेश मिश्र व हास्य कवि रोहित विश्वकर्मा ने श्रोताओं को जमकर हंसाया। गीतकार अरविंद सिंह मधुप व संजय सांवरा ने अपने मुक्तकों व गीतों से सभी को आल्हादित किया। अवधी हास्य कवि राघवेन्द्र प्रताप वर्मा की भगतिन चाची रचना खूब सराही गई। अर्धरात्रि तक चलने वाले इस कवि सम्मेलन में इं. राजेन्द्र प्रकाश वर्मा, डा. राकेश कुमार, अधिवक्ता संजय श्रीवास्तव, उन्नतिशील कृषक रामगोपाल वर्मा, संत पवन नंदन, सोनी किन्नर, अधिवक्ता सुशील मौर्य अकेला, दीपू चौहान व समाजसेवी पंकज शुक्ल की उपस्थिति उल्लेखनीय है। आयोजक बनवारी मिश्रा, गौरव अवस्थी, संजय श्रीवास्तव, अनुज वर्मा सहित नवयुवक जागरण कमेटी के सदस्यों ने कवियों का स्वागत किया। कवि सम्मेलन के संयोजक कवि आनंद खत्री आनंद जिलाध्यक्ष राष्ट्रीय कवि संगम ने आभार व्यक्त किया।

 

 

 

 

 

Must Read