अयोध्या की सफाई में लापरवाही पर महापौर ने जतायी नाराजगी
अयोध्या की सफाई में लापरवाही पर महापौर ने जतायी नाराजगी
राजेश श्रीवास्तव
अयोध्या। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत घर घर तिरंगा कार्यक्रम में नगर निगम पूरी ताकत से लगेगा। मंगलवार को महापौर रिषिकेश उपाध्याय ने निगम कार्यालय में बैठक कर तैयारी को परखा। निगम की देख-रेख में सात दिनी कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। इस मौके पर महापौर ने कहा कि निगम परिवार अमृत महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी कर रहा है।
विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। महापौर ने कहा कि निगम क्षेत्र में घर घर में तिरंगा फहराएगा। इसके अतिरिक्त महापौर ने अयोध्या की साफ सफाई को लेकर अधिकारियों की क्लास ली। साथ ही कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने 3 दिन में सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने का निर्देश दिया। अधिकारियों व कर्मचारियों से नियमित सफाई न होने का कारण पूछा। कहा कि यदि नियमित सफाई न हुई तो कार्यवाही तय है। कहा कि हम सबकी जनता के प्रति जबावदेही है। उनकी सेवा लक्ष्य है। नगर आयुक्त विशाल सिंह ने महापौर के निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया। कहा कि अयोध्या की सफाई पर विशेष ध्यान दें। मंदिरों के सामने व सरयू तट पर रोटेशन के तहत रातदिन सफाई करने का प्रारूप बना था। आयुक्त ने घर घर तिरंगा कार्यक्रम की रूपरेख साझा की। प्रत्येक पार्षद को 5-5 सौ झंडा दिया जाएगा। बैठक में निगम के अधिकारी मौजूद रहे।