अयोध्या में 17.72 करोड़ से बनेगा लव-कुश पार्क
कचरे से कला थीम पर दिखेगी रामायण एवं लव-कुश की पौराणिक गाथा
तेजस टूडे ब्यूरो
राजेश श्रीवास्तव
अयोध्या। एक वैश्विक पर्यटन केंद्र और आधुनिक सुविधाओं से लैस सांस्कृतिक नगरी के रूप में विकसित करने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक और अभिनव व अनूठी पहल की है। राज्य स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत अयोध्या धाम में करीब 17.72 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य और अत्याधुनिक ‘लव-कुश पार्क’ का निर्माण किया जाएगा। इस पार्क की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि यह पूरी तरह से “कचरे से कला” की थीम पर आधारित होगा जिसमें महाकाव्य रामायण की पावन व पौराणिक कथाओं को बेकार पड़े स्क्रैप धातु (कबाड़) की खूबसूरत मूर्तियों और इंटरैक्टिव इंस्टालेशन्स के माध्यम से जीवंत किया जाएगा।
अयोध्या नगर निगम की देखरेख में विकसित किया जा रहा यह महत्वाकांक्षी पार्क पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और सांस्कृतिक संरक्षण का एक अद्भुत व अनूठा संगम साबित होगा। इस परियोजना के तहत पूरे अयोध्या शहर से निकलने वाले कबाड़, लोहे के स्क्रैप और अनुपयोगी धातु सामग्री को योजनाबद्ध तरीके से इकट्ठा किया जाएगा और देश के जाने-माने कलाकारों द्वारा उन्हें भव्य मूर्तियों व कला कृतियों का रूप दिया जाएगा। पार्क के भीतर भगवान श्री राम-माता सीता, राजकुमार लव-कुश, ऐतिहासिक अश्वमेध यज्ञ और प्रभु राम के वनवास काल की विभिन्न महत्वपूर्ण घटनाओं को स्क्रैप धातु की मूर्तियों के रूप में खूबसूरती से प्रदर्शित किया जाएगा। उदाहरण के तौर पर लव-कुश द्वारा अश्वमेध यज्ञ के घोड़े को रोकने और पकड़ने की प्रसिद्ध पौराणिक घटना को विशेष रूप से 3डी मॉडल और आधुनिक साउंड-एंड-लाइट शो के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा जो पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण होगा।
यह पार्क केवल एक सामान्य दर्शनीय या मनोरंजक स्थल नहीं होगा, बल्कि इसे एक बड़े शैक्षिक और जागरूकता केंद्र के रूप में भी स्थापित किया जा रहा है। पार्क के पूरी तरह तैयार होने के बाद स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं के लिए विशेष स्टडी टूर (शैक्षणिक भ्रमण) और व्यावहारिक वर्कशॉप (कार्यशालाएं) की जाएंगी। इन सत्रों के माध्यम से युवा पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण, थ्री-आर के सिद्धांत और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के वैज्ञानिक तौर-तरीकों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा आगंतुकों की सुविधा के लिए पार्क में अत्याधुनिक वॉकवे, हरे-भरे गार्डन, बैठने की उत्तम व्यवस्था, डिजाइनर रोशनी (थीम लाइटिंग) और सुरक्षा के लिहाज से हाई-टेक सीसीटीवी कैमरों जैसी तमाम आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके पूरे आर्किटेक्चर और डिजाइन में रामायण काल की पारंपरिक वास्तुकला शैली को आधुनिक तकनीक के साथ बेहद बारीकी से जोड़ा गया है। अयोध्या के नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि यह लव-कुश पार्क विशेष रूप से भगवान श्री राम के प्रतापी पुत्रों, लव और कुश के जीवन, उनकी वीरता और उनके आदर्शों की कहानियों पर केंद्रित होगा।
नगर आयुक्त के अनुसार इन प्राचीन पौराणिक गाथाओं को आधुनिक कबाड़-कला के जरिए बेहद रोचक और आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के साथ-साथ हमारी आने वाली युवा पीढ़ी और बच्चे भी खेल-खेल में अपने गौरवशाली इतिहास, सनातन संस्कृति और जड़ों से गहराई से जुड़ सकें। नगर निगम प्रशासन ने इस परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्था को कड़े निर्देश जारी कर दिए हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA







