JAUNPUR NEWS : प्रत्येक गांव के हर घर तक पहुंचना है अयोध्या का पूजित अक्षत: प्रभात जी
तरुण चौबे
सुजानगंज, जौनपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सुजानगंज के नेतृत्व में श्री राधा कृष्ण मंदिर सुजानगंज पर संघ विचार परिवार की बैठक हुई जिसके मुख्य उद्देश्य के रूप में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में प्रभु श्री रामचंद्र के प्राण प्रतिष्ठा के लिए निमंत्रण के रूप में अयोध्या से आए पूजित अक्षतों के वितरण पर चर्चा की गई।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मछलीशहर के जिला प्रचारक प्रभात ने कार्यकर्ताओं को निर्देशित करते हुए बताया कि इस महा अभियान में कोई भी घर हमसे छूटे ना, इसलिए हमें टोली बनाकर सुजानगंज खंड के प्रत्येक गांव के प्रत्येक घर तक अयोध्या से आए इस पूजित अक्षत को पहुंचना है। इस निमित्त उन्होंने कार्यकर्ताओं को इस कार्यक्रम की संपन्नता की रूप—रेखा बनाने को लेकर चर्चा की जिसमें उन्होंने बताया कि 20 दिसंबर तक सभी न्याय पंचायत एवं ग्राम स्तर तक की टोली का निर्माण हर हालत में हो जाय जिसमें समाज के प्रत्येक बंधु सहभागिता ले तथा इन टोलियों में मातृशक्ति (माताओं) को भी जोड़ा जाय जिससे 1 से 15 जनवरी तक यह अभियान अपनी पूर्णता को प्राप्त हो तथा 22 जनवरी को अपने क्षेत्र का कोई भी मठ/मंदिर सुप्तावस्था में ना रहे, इसकी चिंता भी टोली को करनी होगी जिसके लिए 22 जनवरी को 11 बजे से 1 बजे तक प्रत्येक मंदिर पर हरि नाम संकीर्तन का आयोजन किया जाय जिससे पूरा वातावरण राममय हो जाय।
उक्त उद्गार देते हुए प्रभात जी ने बताया कि पूजित अक्षत जिला मुख्यालय पर आ चुका है जिसको मिडिल स्कूल सुजानगंज पर संघ विचार परिवार सुजानगंज के कार्यकर्ताओं के एकत्रीकरण के माध्यम से 25 दिसंबर को सुजानगंज के अभियान प्रमुख को सौंप दिया जाएगा जिसके वितरण में विचार परिवार के सभी संगठनों के कार्यकर्ताओं को लगना है। इसके पहले विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष लालमणि पांडेय, जिला मंत्री विश्वंभर नाथ, सह जिला कार्यवाह वीरेंद्र जी भी अपने विचार व्यक्त किये। बैठक की अध्यक्षता श्याम शंकर पांडेय ने किया। बैठक में प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, जिला समरसता प्रमुख सौरभ मिश्रा, प्रखंड कार्याध्यक्ष दिनेश मिश्र, खंड सह संघचालक रतिराम, खंड कार्यवाह राम प्रकाश चौबे, धीरज सिंह सहित विचार परिवार के समस्त कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














