Jaunpur News : थानाध्यक्ष ने छात्र-छात्राओं को बांटा तिरंगा
Jaunpur News : थानाध्यक्ष ने छात्र-छात्राओं को बांटा तिरंगा
आजादी के अमृत महोत्सव पर आयोजित हुये विविध कार्यक्रम
विनोद पाल
नौपेड़वा, जौनपुर। आजादी के अमृत महोत्सव पर राजाराम मेमोरियल पब्लिक स्कूल में शनिवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन हुआ जिसमें बच्चों ने देशभक्ति के जज्बे के साथ बड़े उत्साह से भाग लिया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को तिरंगा भी वितरित किया गया। मुख्य अतिथि थानाध्यक्ष बक्शा इंस्पेक्टर ओम नारायण सिंह ने कहा कि देश की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने की खुशी में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है।
यह आजादी हमें कड़े संघर्ष के बाद प्राप्त हुई थी। कितने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की बदौलत आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। हमें आजादी को अक्षुण्ण बनाये रखना है और शहीदों की शहादत को बेकार नहीं जाने देना है। हमें तन-मन व धन से देश के विकास व समृद्धि में सहयोग देना है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को तिरंगा वितरित किया और उसे अपने घरों में फहराने का संकल्प दिलाया। इस मौके पर बच्चों ने आजादी के 75 वर्ष से सम्बन्धित क्राफ्ट, तिरंगा आदि बनाकर महोत्सव में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। स्वाधीनता संग्राम से सम्बन्धित मेंहदी व पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। मेंहदी प्रतियोगिता में मुस्कान गुप्ता प्रथम, प्रिया जायसवाल द्वितीय एवं तनु सिंह तृतीय स्थान पर रही जबकि पोस्टर प्रतियोगिता में यामिनी यादव ने प्रथम, आयुषी यादव ने द्वितीय तथा रियांशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अन्त में प्रबंधक प्रमोद जायसवाल ने सभी आगन्तुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।