प्रदर्शनी में छात्र—छात्राओं ने प्राप्त की जानकारी
तेजस टूडे ब्यूरो जौनपुर। विकास भवन परिसर के समक्ष 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी का आयोजन हुआ जहां केंद्र सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों के दौरान संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना के विकास, डिजिटल सेवाओं के विस्तार, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं में सुधार तथा रोजगार सृजन से संबंधित उपलब्धियों को चित्रों, मॉडल्स एवं प्रदर्शन सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। साथ ही जनपद में विभिन्न क्षेत्रों में हुए उल्लेखनीय विकास कार्यों को आकर्षक होर्डिंग्स एवं प्रदर्शनों के जरिए आमजन के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
अवसंरचना विकास के अंतर्गत केराकत एवं शाहगंज क्षेत्र के नौली में अग्निशमन केंद्रों के आवासीय एवं अनावासीय भवनों का निर्माण, खेल सुविधाओं के विस्तार हेतु स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक की स्थापना, नमामि गंगे योजना के तहत गोमती रिवर फ्रंट एवं घाटों का विकास तथा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए मेडिकल कॉलेज की स्थापना को होर्डिंग्स के माध्यम से प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसके अतिरिक्त महिला शिक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिद्धीकपुर में राजकीय महिला आईटीआई तथा केराकत में दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला महाविद्यालय की स्थापना संबंधी उपलब्धियों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया गया।
प्रदर्शनी में पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल के दो ब्लॉकों के निर्माण, बदलापुर बस स्टेशन के निर्माण सहित जनपद में संपन्न अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को चित्रों एवं सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं बड़ी संख्या में आमजन ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुये सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं जनपद में हुए विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त किया। जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रचार-प्रसार साहित्य का वितरण कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति व्यापक जनजागरूकता भी सुनिश्चित की गई।