HomeJaunpurJaunpur News: ट्रक में पीछे से घुसी तेज रफ्तार पिकअप

Jaunpur News: ट्रक में पीछे से घुसी तेज रफ्तार पिकअप

  • ट्रक में पीछे से घुसी तेज रफ्तार पिकअप

  • युवक की हुई मौत, चालक समेत दो घायल

डा. प्रदीप दूबे
तेजस टूडे सं.
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र में लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर शनिवार भोर जहरूद्दीनपुर गांव के पास तेज रफ्तार से चल रही पिकअप पीछे ट्रक से टकरा गई। हादसे में पिकअप सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चालक समेत दो लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार मुर्गा लदी पिकअप सूरापुर से शाहगंज जा रही थी। शनिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे जहरूद्दीनपुर गांव के पास आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के सेठुआपारा निवासी चालक सोनू पुत्र याकूब, सहावै गांव निवासी दीपक गुप्ता पुत्र जोखू तथा आजमगढ़ के पवई थाना क्षेत्र के सकटपुर निवासी अनस पुत्र नियाज अहमद (20) घायल हो गये। अनस की मौके पर ही मौत हो गई।

घायल सोनू की हालत गम्भीर होने पर शाहगंज राजकीय पुरुष अस्पताल से इलाज के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया चालक को भोर में झपकी आने से हादसा होने की आशंका है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

 

 

 

 

Must Read