Jaunpur News : लोकप्रिय की शिक्षक की मौत पर विद्यालय परिसर में पसरा सन्नाटा
बृजेश यादव
गभिरन, जौनपुर। अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक विद्यालय खुटहन प्रथम में बतौर सहायक अध्यापक तैनात लोकप्रिय शिक्षक सुबाष सरोज की गुरुवार सुबह बदलापुर तहसील के शाहपुर गांव के पास अज्ञात वाहन के चपेट में आने से हुई मौत की मनहूस खबर सुनकर शिक्षक साथी स्तब्ध रह गए। पूरे विद्यालय परिसर में सन्नाटा पसर गया। अपने सबसे करीबी शिक्षक साथी की मौत की खबर पर पहले तो किसी को विश्वास नहीं हो रहा था लेकिन जब मौत की खबर की पुष्टि हुई तो लोगों का दिल दहल गया। सोशल मीडिया पर यह खबर शिक्षकों में आग की तरह फैल गयी।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुशील यादव ने कहा कि शिक्षक सुबाष सर्वगुणसम्पन्न शिक्षक थे। विद्यालय परिवार को उनकी कमी हमेशा खलेगी। शिक्षिका आकांक्षा बरनवाल ने कहा कि वे सर्वगुण सम्पन्न शिक्षक थे। समय के पाबन्द थे। उनकी जितनी प्रंशसा की जाय कम है। वह एक खुशदिल व खुशमिजाज इंसान थे। गीता पाल ने कहा कि सुबाष सरोज बच्चों के लोकप्रिय शिक्षक थे।
हमेशा मदद को तैयार रहते थे। लगन व निष्ठा से कार्य करते थे। वे एक व्यवहार कुशल इंसान थे। विनय यादव कम्पोजिट विद्यालय विशुनपुर ने उनकी स्मृति को नमन करते हुए कहा कि शिक्षण के प्रति अटूट निष्ठा के चलते क्षेत्र में उनका बेहद सम्मान था। रश्मि तिवारी ने कहा कि उनके निधन से शिक्षा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। इसके साथ ही शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी शोक व्यक्त किया।