Jaunpur News : कच्ची दीवार गिरने से गृहस्वामी की हुई मौत
मलबे में दबने आधा दर्जन भेड़-बकरियों की गयी जान
डा. प्रदीप दुबे
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र डीह असरफाबाद गांव में मिट्टी की दीवाल गिरने से छप्पर में सो रहे किसान की मौत हो गयी जबकि दीवाल के मलबे में दबकर आधा दर्जन भेड़-बकरियों ने भी दम तोड़ दिया। घटना सोमवार की रात लगभग 3 बजे की है। जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी सिद्धू पाल (55) पुत्र पन्डोही पाल अपने मिट्टी की दीवाल से बने छप्पर के नीचे सो रहा था। पास में हीं पालतू भेड़ बकरियों को भी बांध रखा था। बारिश होने से जर्जर दीवाल रात लगभग 3 बजे अचानक गिर पड़ी और सिद्धू दीवाल के मलबे मे दब गया। दीवाल गिरने की तेज आवाज से परिजन एवं पास पड़ोस के लोगों की नीद खुल गई।
मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों ने जब मलबे को हटाकर उसे बाहर निकाला तो सिद्धू प्राण पखेरू उड़ चुके थे। वहीं मलबे में दबने से 7 भेड़ बकरियां भी मर गयी। गृहस्वामी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते हीं थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश राय व उपनिरीक्षक धुरेन्धर प्रसाद मौके पर पहुंच गये। उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी देने के साथ ही शव को कब्जे में ले लिया तथा आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए शव को अन्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया। मृतक के दो पुत्र है। एक रोजी रोटी के सिलसिले में मुम्बई रहता है जबकि दूसरा घर पर खेती का काम देखता है। गृहस्वामी की मौत से पत्नी व परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की तरफ से पीड़ित परिवार को किसी तरंह की सहायता नहीं मिली है।