दो डम्फरों में हुई आमने-सामने भिड़ंत, बड़ा हादसा टला
तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र में रविवार की भोर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। खेतासराय-शाहगंज मुख्य मार्ग पर स्थित गोरारी पुल के आगे करीब तीन बजे दो तेज रफ्तार डम्फरों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आस-पास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग फौरन मौके पर पहुँच गए। गनीमत रही कि दोनों वाहनों के चालक और खलासी मामूली रूप से जख्मी हुए तथा सभी सुरक्षित बच निकले।
मिली जानकारी के मुताबिक एक डम्फर जौनपुर की तरफ से शाहगंज जा रहा था जबकि दूसरा शाहगंज से जौनपुर की ओर आ रहा था। बताया जाता है कि गोरारी पुल के पास अचानक दोनों वाहन आमने-सामने आ गए और भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों डम्फरों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सड़क पर काफी देर तक मलबा बिखरा रहा जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की वजह चालक को आई नींद की झपकी मानी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भोर के समय लम्बी दूरी तय कर रहे चालक अक्सर थकान और उनींदापन का शिकार हो जाते हैं जिसकी वजह से इस तरह के हादसे पेश आते हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने इंसानियत का परिचय देते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने डम्फरों में फंसे चालक और खलासी को बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुँच गई और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर यातायात बहाल कराया। राहत की बात यह रही कि दोनों डम्फर खाली थे। यदि वाहनों में गिट्टी, बालू या अन्य भारी सामान लदा होता तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA

