Jaunpur News: जौनपुर के डॉक्टरों ने फिटनेस का दिया संदेश

  • जौनपुर के डॉक्टरों ने फिटनेस का दिया संदेश

  • योग के जरिये स्वास्थ्य एवं संतुलित जीवन का लिया संकल्प

 

तेजस टूडे ब्यूरो

अजय पाण्डेय

जौनपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जौनपुर ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजिकल सोसायटी (JOGS) के तत्वावधान में एक प्रेरणादायक योग कार्यक्रम हुआ जहां चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग और प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये अध्यक्ष डॉ. अंजू कनौजिया ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक सोच का आधार है। वहीं सोसायटी की सचिव डॉ. शैली निगम ने उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

संरक्षक डॉ. प्रियम्बदा ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी से नियमित योगाभ्यास करने और इसके लाभों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में क्लिनिकल सेक्रेटरी डॉ. शिखा शुक्ला एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजू यादव की विशेष सहभागिता रही। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास करते हुए स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

अंत में सचिव डॉ. शैली निगम ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन का समापन इस प्रेरणादायक संदेश के साथ हुआ स्वस्थ तन, शांत मन और खुशहाल जीवन के लिए योग को बनाएं अपनी दिनचर्या का हिस्सा।