HomeTrendingजनता दरबार में उठीं पानी, बिजली एवं सफाई की समस्याएं

जनता दरबार में उठीं पानी, बिजली एवं सफाई की समस्याएं

  • जनता दरबार में उठीं पानी, बिजली एवं सफाई की समस्याएं

  • विधायक ने शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन

तेजस टूडे ब्यूरो
मुम्बई। अंधेरी (पूर्व) स्थित सामाजिक संस्था जीवन ज्योति प्रतिष्ठान के कार्यालय पर शनिवार को विधायक मुरजी पटेल ने जनता दरबार का आयोजन किया। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लेकर पानी, बिजली, शौचालय और साफ-सफाई सहित क्षेत्र की विभिन्न बुनियादी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने सभी शिकायतों का संज्ञान लेते हुए उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। जनता दरबार के दौरान नागरिकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित लिखित ज्ञापन भी सौंपे। लोगों ने पानी की कटौती, बिजली के भारी-भरकम बिल, सार्वजनिक शौचालयों की समस्या तथा जगह-जगह जमा कचरे के ढेर से होने वाली परेशानी उठाई। नागरिकों ने कचरे के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका पर भी चिंता जताई।
विधायक मुरजी पटेल ने कहा कि क्षेत्र का प्रतिनिधि होने के नाते लोगों की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना उनकी जिम्मेदारी है। बिजली, पानी, सड़क, शौचालय, अस्पताल और शिक्षा जैसी आवश्यक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को बिना किसी भेदभाव के हल करने का प्रयास किया जाएगा। नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने और उन्हें अपनी बात सीधे रखने का अवसर देने के लिए प्रत्येक शनिवार को नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित किया जा रहा है। उनका कार्यालय हमेशा जनता की सेवा के लिए खुला है। उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों में नागरिकों से सहयोग की अपील भी की। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने विधायक पटेल का गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रभाग समिति अध्यक्ष प्रकाश मुसले, डॉ. सतीश त्रिपाठी, मनीष गुप्ता, गोविंद यादव, इन्द्रसेन यादव, राजू सरोज सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

 

 

 

 

Must Read