वाटर कूलर में करेंट उतरने से मासूम की हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम
तेजस टूडे ब्यूरो
एनके मिश्र
लखीमपुर खीरी। सिंगाही कस्बे में जामा मस्जिद के पास नगर पंचायत की तरफ से लगाए गए वाटर कूलर में करंट उतरने से सोमवार शाम 9 वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। वार्ड नंबर 8 स्थित वाल्मीकि मोहल्ला निवासी राजेश का पुत्र ऋतिक उर्फ चन्नी अपने बाबा राजाराम के साथ बाजार गया था। राजाराम बाजार में सूप बेचने का काम करते हैं। शाम करीब साढ़े 5 बजे प्यास लगने पर ऋतिक अपने फुफेरे भाई अंश के साथ वार्ड नंबर 13 में जामा मस्जिद के पास लगे नगर पंचायत के वाटर कूलर पर पानी पीने पहुंचा। अंश के अनुसार वाटर कूलर में करंट उतर रहा था। पानी पीते समय उसे हल्का झटका लगा लेकिन जैसे ही ऋतिक ने टोंटी पकड़कर पानी पीने का प्रयास किया, वह करंट की चपेट में आकर मशीन से चिपक गया। आस—पास मौजूद लोगों ने लकड़ी के डंडे की मदद से उसे अलग किया और तत्काल इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले गये जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए मासूम की मौत से परिवार का रो—रो कर बुरा हाल हो गया। हादसे के बाद लोगों में नगर पंचायत की व्यवस्थाओं को लेकर भी नाराजगी दिखाई दी। प्रभारी निरीक्षक दिलीप चौबे ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। प्रभारी ईओ/एसडीएम राजीव निगम ने बताया कि संबंधित वाटर कूलर करीब 5 वर्ष पहले स्थापित किया गया था। नगर पंचायत की ओर से समय—समय पर उसकी मरम्मत और देखरेख कराई जाती रही है। मामले की जांच कराई जा रही है। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA






