पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी गयी भावभीनी श्रद्धांजलि
एसएसपी डा. ख्याति गर्ग ने अर्पित किया पुष्पचक्र
तेजस टूडे ब्यूरो
नन्द कुमार मिश्रा
लखीमपुर खीरी। पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन हुआ। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान एसएसपी ने पुलिस स्मृति दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उत्तर प्रदेश के विशेष संदेश को पढ़कर सुनाया और वहां मौजूद सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को उससे अवगत कराया।शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए एसएसपी ने कहा कि हमारे वीर जवानों का बलिदान हमेशा हमें सही राह दिखाएगा। साथ ही उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से पूरी निष्ठा के साथ जनसेवा, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने का आह्वान किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) समेत जनपद के कई अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे। सभी ने मौन रखकर वीर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना किया।












