गोबर से गैस, गांव में बदलाव
चन्दौली के चन्द्र प्रकाश ने बनाया बायोगैस मॉडल, 125 घरों तक पहुंची सप्लाई
तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के रहने वाले चंद्र प्रकाश सिंह ने गांव में ऊर्जा और खेती दोनों के क्षेत्र में एक अनोखी पहल करते हुए बायोगैस प्लांट स्थापित किया है। उनकी यह पहल अब ग्रामीणों के लिए एलपीजी का सस्ता और उपयोगी विकल्प बनती जा रही है।
2022 से शुरू हुई सप्लाई, 100 परिवार कर रहे नियमित उपयोग
चंद्र प्रकाश ने वर्ष 2021 में बायोगैस प्लांट का निर्माण कार्य शुरू किया और 2022 से गांव में गैस की सप्लाई शुरू कर दी। वर्तमान में इस योजना के तहत 125 घरों को कनेक्शन दिया जा चुका है जिनमें से लगभग 100 परिवार नियमित रूप से बायोगैस का उपयोग कर रहे हैं। घर-घर पाइपलाइन के जरिए गैस पहुंचाई जा रही है।
गौशाला की समस्या बनी समाधान
उन्होंने बताया कि शुरुआत में गौशाला चलाने के दौरान गोबर के निपटान की बड़ी समस्या सामने आई थी। गोबर के ढेर से बदबू और मच्छर-मक्खियों की परेशानी बढ़ रही थी। इसी चुनौती को अवसर में बदलते हुए उन्होंने बायोगैस प्लांट लगाने का निर्णय लिया। आज यही गोबर गांव के घरों तक ईंधन के रूप में पहुंच रहा है और पर्यावरण भी साफ-सुथरा बना हुआ है।
मासिक खर्च सिर्फ 250-300 रुपये
इस बायोगैस मॉडल की सबसे बड़ी खासियत इसकी कम लागत है। जहां एक एलपीजी सिलेंडर का खर्च 1100 रुपये से ज्यादा आता है, वहीं बायोगैस के उपयोग पर मासिक खर्च लगभग 250 से 300 रुपये तक ही पड़ता है जिससे ग्रामीण परिवारों को आर्थिक राहत मिल रही है। महिलाएं धुएं से होने वाली बीमारियों से भी बच रही हैं।
स्लरी बनेगी जैविक खाद
इतना ही नहीं, अब उनकी अगली योजना बायोगैस से निकलने वाले अपशिष्ट (स्लरी) को फर्मेंटेड ऑर्गेनिक मैन्योर (FOM) के रूप में खेतों में उपयोग करने की है। इससे खेती में रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होगी और उर्वरक संकट से राहत मिलने की उम्मीद है। स्लरी से जमीन की उर्वरा शक्ति भी बढ़ेगी। चंद्र प्रकाश की यह पहल अब गांवों में ऊर्जा आत्मनिर्भरता और जैविक खेती की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आ रही है। आस—पास के गांवों के किसान भी इस मॉडल को अपनाने में रुचि दिखा रहे हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA



