छत पर सोता रहा परिवार, घर में घुसे चोर लाखों की नकदी—जेवर किये पार
तेजस टूडे ब्यूरो
सुधीर सोनी
गोण्डा। जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र में चोरों ने एक कपड़ा व्यापारी के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। उर्दी गोंडा गांव में हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। चोर घर से लाखों रुपये की नकदी के साथ सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार गांव निवासी आरिफ कपड़े का कारोबार करते हैं और दुकान के पीछे बने मकान में परिवार के साथ रहते हैं। रविवार रात भीषण गर्मी के चलते पूरा परिवार मकान की छत पर सो रहा था। इसी दौरान देर रात अज्ञात चोर छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने घर में रखे बक्सों और अलमारी के ताले तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
बताया जा रहा है कि चोरी हुई नकदी कपड़े की दुकान की बिक्री से जमा की गई थी। वारदात के दौरान परिवार को भनक तक नहीं लगी और चोर आराम से फरार हो गए। सोमवार सुबह जब परिवार के सदस्य नीचे पहुंचे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारी और बक्सों के टूटे ताले देखकर परिवार के होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पीड़ित व्यापारी आरिफ ने तत्काल कटरा बाजार थाने को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आस—पास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी है।
इस संबंध में कटरा बाजार थाने के अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA

