डीएम का सख्त संदेश: अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस, टास्क फोर्स को 24×7 सतर्क निगरानी के निर्देश
डीएम-एसपी की दो टूक, संवेदनशील रूटों पर लगातार चेकिंग, ओवरलोडिंग, अवैध परिवहन पर सख्त कार्यवाही तय
तेजस टूडे ब्यूरो
एनके मिश्र
लखीमपुर खीरी। जनपद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक डीएम अंजनी सिंह और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग की संयुक्त अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने किया। बैठक में डीएम ने अवैध खनन पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल विषय है जिस पर हर स्तर पर सख्त और निरंतर कार्रवाई जरूरी है।
डीएम ने टास्क फोर्स को 24 घंटे सतर्क निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि खनन और परिवहन से जुड़े संवेदनशील मार्गों, घाटों और सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित चेकिंग की जाए। ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जाए तथा प्रत्येक सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त वाहनों, मशीनरी और व्यक्तियों पर कठोर कार्रवाई की जाए तथा प्रवर्तन की कार्रवाई में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि खनन क्षेत्रों में विशेष निगरानी बढ़ाई जाए तथा प्रमुख मार्गों पर नियमित चेकिंग प्वाइंट सक्रिय रहें। संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की जाए और अवैध खनन में संलिप्त लोगों पर त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार क्षेत्रीय भ्रमण करेगी और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। इस अवसर पर एएसपी पवन गौतम, खान अधिकारी आशीष सिंह सहित सभी टास्क फोर्स से जुड़े अधिकारी, एसडीएम, सीओ, थानाध्यक्ष वर्चुअल शामिल हुये।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA







