बकरीद को लेकर डीएम—एसपी ने किया की बैठक, दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक हुई जहां उपस्थित धार्मिक प्रबुद्धजनों, संभ्रान्त नागरिकों एवं शांति समिति के सदस्यों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए आगामी बकरीद पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाये जाने की अपील की गयी। अधिकारीद्वय ने कहा कि त्यौहार के अवसर पर किसी भी प्रकार की नई परम्परा की शुरुआत न की जाये तथा विगत वर्षों की भांति ही त्यौहार मनाने व शांति व्यवस्था सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने हेतु बताया। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी दशा में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न की जाये एवं कुर्बानी खुले स्थानों पर न हो।
जिलाधिकारी ने सभी क्षेत्रीय प्रबुद्धजनों से अपील करते हुए कहा कि आमजन को अधिक से अधिक जागरूक करें जिससे त्यौहार शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके। संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि त्यौहारों के अवसर पर नियमित जलापूर्ति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं के पुख्ता प्रबन्ध सुनिश्चित किये जाएं। विद्युत विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि नमाज के मुख्य मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर जर्जर विद्युत तारों को समय रहते दुरुस्त कराया जाये जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। त्यौहार को परम्परागत ढंग से मनाते हुए एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान किया जाये तथा यदि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है तो तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाये, ताकि उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बकरीद को परंपरागत एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु जनपद पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये। कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के दृष्टिगत किसी भी दशा में अनुमन्य स्थलों के अतिरिक्त अन्य सार्वजनिक स्थानों एवं सड़कों पर नमाज़ अदा न की जाय जिससे आमजन को किसी समस्या का सामना न करना पड़े तथा नमाज़ केवल निर्धारित धार्मिक स्थलों एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही अदा की जाएगी। इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले भ्रामक फोटो एवं वीडियो से सावधान रहने तथा ऐसे किसी भी आपत्तिजनक अथवा भ्रामक पोस्ट की सूचना तत्काल संबंधित थाने एवं प्रशासन को उपलब्ध कराने की अपील की गयी तथा आगामी त्यौहारों को आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, समस्त उपजिलाधिकारीगण, क्षेत्राधिकारीगण, राजस्व विभाग के अधिकारीगण, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों से आये धार्मिक प्रबुद्धजन, संभ्रान्त नागरिक, शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA







