थाना समाधान दिवस में पहुंचे जिलाधिकारी
भूमि विवाद एवं उत्पीड़न के मामलों पर दिये सख्त निर्देश
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। जनपद में आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना दक्षिण परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे जहां प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मामलों की सुनवाई की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता को समयबद्ध न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भूमि कब्जा, उत्पीड़न और दबंगई से जुड़े मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि भू-माफियाओं और लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।समाधान दिवस में नई बस्ती निवासी अनीता अग्रवाल ने अपने पारिवारिक विवाद से जुड़ी शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि सिविल लाइन क्षेत्र में चल रहे न्यायालयीन विवाद के बावजूद उनके भाई विवेक अग्रवाल को पुलिस द्वारा अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी को पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि संबंधित पक्ष को अनावश्यक मानसिक उत्पीड़न से राहत मिल सके।
इसी क्रम में थाना उत्तर क्षेत्र के कबीर नगर निवासी अविनाश कुमार कोरी ने भी अपनी भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में खरीदे गए प्लॉट पर कुछ लोगों द्वारा दबाव बनाकर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है तथा निर्माण कार्य रोकने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई है। मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने थाना दक्षिण प्रभारी को 3 दिन के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व विभाग के अधिकारियों को भूमि की पैमाइश कराने और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
इस अवसर पर एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, नगर मजिस्ट्रेट विनोद पांडे समेत पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जायेगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA

