चूड़ी उद्योग में विवाद सुलझा, सफेद चूड़ी के दाम न बढ़ाने पर बनी सहमति
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। जनपद के चूड़ी उद्योग में पिछले कई दिनों से चल रहे मूल्य विवाद को प्रशासन की पहल पर सुलझा लिया गया है। जिलाधिकारी संतोष शर्मा के निर्देशन में आयोजित बैठक में टैंक फर्नेस संचालकों, स्टॉकिस्टों और चूड़ी गोदाम मालिकों के बीच सहमति बनने के बाद उद्योग जगत ने राहत की सांस ली है। बैठक में सफेद चूड़ी के दामों में फिलहाल किसी प्रकार की बढ़ोतरी न करने पर सर्वसम्मति बनी। प्रशासन की मौजूदगी में हुई वार्ता में सिटी मजिस्ट्रेट और सहायक श्रमायुक्त ने दोनों पक्षों के बीच समन्वय स्थापित कराया। बैठक के दौरान स्टॉकिस्टों ने बताया कि वर्तमान समय में गुणवत्ता के आधार पर सफेद चूड़ी का माल 150 से 200 रुपये प्रति तोड़ा की दर से गोदाम संचालकों को उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे कीमतों में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं की जायेगी।
बैठक में मौजूद टैंक कारखाना संचालक विनीत मित्तल ने कहा कि उद्योग की निरंतरता बनाए रखने के लिए कारखानों का संचालन लगातार जारी रखा जाएगा। साथ ही दुकानदारों से लिखित आश्वासन भी लिया जाएगा कि वे कामकाज बंद नहीं करेंगे, ताकि स्थानीय श्रमिकों के रोजगार पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। भविष्य में मूल्य निर्धारण और उद्योग से जुड़े विवादों को समय रहते सुलझाने के उद्देश्य सेएक संयुक्त समिति गठित करने का भी निर्णय लिया गया। यह समिति नौ सदस्यों की होगी जिसमें 3 प्रतिनिधि गोदाम स्वामियों, 3 टैंक फर्नेस संचालकों और 3 स्टॉकिस्टों के शामिल होंगे। समिति प्रशासन के समन्वय में चूड़ी के प्रति तोड़ा मूल्य से जुड़े मामलों पर निर्णय ले सकेगी। अंत में सभी पक्षों ने आपसी सहमति से तैयार प्रस्तावों पर हस्ताक्षर किए और प्रशासन के प्रयासों की सराहना किया। लंबे समय से जारी गतिरोध समाप्त होने के बाद उद्योग से जुड़े लोगों ने उम्मीद जताई कि इससे उत्पादन और कारोबार दोनों में स्थिरता आयेगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA

