आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर होगी विभागीय कार्यवाही: डीएम
शिकायतों का स्पेशल क्लोज एवं संतोषजनक फीडबैक न होने पर पूर्ति निरीक्षक सदर गोण्डा को शोकाज नोटिस: डीएम
तेजस टूडे मण्डल ब्यूरो
मुसैब अख्तर
गोण्डा। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की विभागवार गहन समीक्षा बैठक की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा शिकायतों के निस्तारण की स्थिति, गुणवत्ता एवं शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि संबंधी फीडबैक की विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कुछ विभागों द्वारा शिकायतों का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है तथा कई मामलों में शिकायतकर्ता से संपर्क किए बिना ही शिकायतों को स्पेशल क्लोज किया गया है। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में स्पेशल क्लोज एवं संतोषजनक फीडबैक न मिलने के कारण पूर्ति निरीक्षक गोण्डा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है और इसमें लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जिन विभागों के अधिकारियों द्वारा शिकायतकर्ता से संपर्क किए बिना शिकायतों को स्पेशल क्लोज किया गया है, उन सभी अधिकारियों के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जाएगी। आईजीआरएस शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण जनशिकायत निस्तारण प्रणाली है, इसलिए प्रत्येक शिकायत का निस्तारण गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ किया जाना चाहिए। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण शिकायतकर्ता से संपर्क स्थापित करने के उपरांत ही गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए। शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करना प्रत्येक विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी विभाग द्वारा शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब, लापरवाही अथवा औपचारिकता पूर्ण कार्यवाही की गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से लंबित शिकायतों की समीक्षा करें एवं समय से उनका निस्तारण सुनिश्चित कराएं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, उपजिलाधिकारी करनैलगंज नेहा मिश्रा, उपजिलाधिकारी सदर गोंडा जितेंद्र गौतम, उपजिलाधिकारी तरबगंज प्रदीप कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA







